जबलपुर के बेलबाग थाना क्षेत्र में होली की रात दो गुटों में खूनी संघर्ष। पथराव और गोलीबारी की सूचना, एक युवक घायल, 3 थानों की पुलिस तैनात।

Jabalpur News: मध्यप्रदेश। जबलपुर के बेलबाग थाना क्षेत्र में होली की रात दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। बताया जा रहा है कि, छोटी ओमती क्षेत्र में दो गुटों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और फिर पथराव और गोलीबारी की घटना भी हुई।

नहीं करवाई एफआईआर
गोलीबारी के बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। इस संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। शांति बनाए रखने के लिए क्षेत्र में तीन थानों की पुलिस टीम तैनात है। पथराव के कुछ वीडियो सोशल मीडिया के जरिए सामने आए हैं। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर एफआईआर भी नहीं करवाई है। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है।

होली के बाद हुआ विवाद
छोटी ओमती निवासी गब्बू सोनकर का कहना है कि, होली खेलने के बाद वे और उसके दोस्त जिनमें आयुष भी शामिल है बाहर बैठे थे। इसी दौरान अप्पा सोनकर, अंशुल सोनकर और राकेश खटीक नाम के तीन लोग मौके पर पहुंचे। गाली-गलौज के बाद मारपीट करने लगे। बीचबचाव करने पर तीनों में से एक ने गोली चलाई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीएसपी सोनू कुर्मी के अनुसार, मामला पुरानी रंजिश का है। पुराने विवाद को लेकर ही दोनों गुटों में विवाद हुआ। किसी भी पक्ष ने एफआईआर नहीं करवाई है। सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इलाके में फिलहाल शांति है।