Iran-Israel War Impact: मध्यप्रदेश। ईरान - अमेरिका और इजराइल युद्ध अब भारत पर भी असर डालने लगा है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी लोग चिंता में है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक में इस विषय पर चर्चा की। इधर कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। इन लोगों ने सप्लाई बाधित होने से दो हजार से ज्यादा होटल रेस्टोरेंट और शादियां प्रभावित होने की बात कही।
ऑइल कंपनियों के द्वारा सोमवार से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद कर दी गई है। मंगलवार को भी गैस सिलेंडर की सप्लाई बाधित रही। कलेक्टर द्वारा जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक बुलाकर सप्लाई के विषय पर चर्चा की गई।
भोपाल में हजार से ज्यादा शादियां
बताया जा रहा है कि, भोपाल में 14 मार्च तक करीब 1500 शादियां होने वाली हैं, लेकिन कमर्शियल गैस सिलेंडर पर लगी रोक ने कैटरिंग और टेंट व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मप्र कैटरिंग एंड टेंट एसोसिएशन के संयोजक रामबाबू शर्मा का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने कहा कि, हम सरकार के इस फैसले का कड़ा विरोध करते हैं। उनका कहना है कि, यह व्यापार इमरजेंसी सेवाओं में आता है, इसलिए सरकार या तो कोई वैकल्पिक व्यवस्था दे या फिर घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने की इजाजत दे।
जानकारी के अनुसार, बड़े होटल रोजाना दस से पंद्रह सिलेंडर का उपयोग करते हैं जबकि छोटे होटल रेस्टोरेंट रोजाना चार से पांच सिलेंडर का उपयोग करते हैं। जिनके पास स्टॉक है वे भी कुछ दिन ही इसे चला सकते हैं।
एलपीजी सिलेंडर बुकिंग का समय बढ़ाया
बता दें कि, सरकार ने मिडिल ईस्ट संकट और ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग का समय भी बढ़ा दिया ही। पहले बुकिं 15 दिन में होती थी लेकिन अब इसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। रजिस्टर्ड नंबर पर ओटीपी के जरिए ही सिलेंडर दिया जा रहा है।