इंदौर के एमआईजी क्षेत्र में 19 वर्षीय बी.फार्मा छात्र ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से आत्महत्या कर ली। घटना से पहले वह परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था और कुछ ही मिनट बाद यह कदम उठा लिया।

 इंदौर। स्थानीय एमआईजी थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय छात्र ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि बी.फार्मा की पढ़ाई कर रहे इस युवक ने कमरे में रखी पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। उसके पिता कुछ समय पहले ही उसके साथ रहने आए थे। घटना से कुछ समय पहले वह अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। जिस समय उसने खुदकुशी की, उसी समय उसके दोस्त दूसरे कमरे में आईपीएल मैच देख रहे थे। खुदकुशी का अब तक कोई स्पष्ट कारण समझ में नहीं आया है।   

घटना के समय कमरे में अकेला था छात्र
एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि घटना शनिवार शाम करीब 6:40 बजे की है। नेहरू नगर में सौरभ (19) पिता धर्मराज पटेल, निवासी मैहर, अपने दोस्तों नीरज पटेल, नयन पटेल और रवि पटेल के साथ एक साल से जयसिंह राठौर के यहां किराए से रह रहा था। उसने मकान की दूसरी मंजिल पर दो कमरों को किराए पर ले रखा था। घटना के समय उसके साथी दूसरे कमरे में आईपीएल मैच देख रहे थे। सौरभ कमरे में अकेला था। इसी दौरान उसने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। 

पिता के कहने पर किया ऑनलाइन ट्रांजैक्शन
गोली चलने की आवाज सुनते ही साथी दौड़कर दूसरे कमरे में पहुंचे, जहां वह गंभीर हालत में पड़ा मिला। जानकारी के मुताबिक, घटना से ठीक पहले छात्र ने अपने पिता से फोन पर बात की थी। पिता ने उससे कुछ पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा था, जिसे उसने तुरंत पूरा भी किया। इसके कुछ ही मिनटों बाद उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया, जिससे परिवार सदमे में है। गोली की आवाज सुनकर उसके दोस्तों ने तुरंत पिता को सूचना दी। 

कारण अब तक स्पष्ट नहीं, जांच जारी
प्राथमिक जांच में आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, यह जानकारी सामने आई है कि छात्र किसी युवती से बात करता था, लेकिन हाल के दिनों में दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता, जो हाल ही में बेटे के साथ रहने आए थे, इस घटना से पूरी तरह टूट गए हैं।