इंदौर। स्थानीय बंगाली चौराहे के पास स्थित एक कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 4 बजे हुए एक दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक मकान के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। शुरुआती जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में अचानक आग लग गई। यह आग तेजी से फैलते हुए घर के अंदर तक पहुंच गई, जहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे हुए थे।
विफ्फोट से मकान का एक हिस्सा ढहा
आग के फैलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घर में करीब 15 गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें से 4 सिलेंडर एक के बाद एक फट गए। सिलेंडरों के विस्फोट इतने तेज थे कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की तीव्रता के कारण मकान का एक हिस्सा भी ढह गया, जिससे अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसा इतना अचानक और भयावह था कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्थिति बेकाबू हो गई।
पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा
इस मकान में पुगलिया परिवार के यहां एक पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके चलते कई रिश्तेदार भी वहां ठहरे हुए थे। इसी कारण घर में लोगों की संख्या ज्यादा थी और हादसे में जान-माल का नुकसान भी अधिक हुआ। इस घटना में विजय सेठिया (65 वर्ष), छोटू सेठिया (22 वर्ष), सुमन (60 वर्ष), मनोज (65 वर्ष), सिमरन (30 वर्ष) और राशि सेठिया (12 वर्ष) की मौत हुई है। इसके अलावा सौरभ पुगलिया (30 वर्ष), आशीष (30 वर्ष) और हर्षित पुगलिया (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए लौगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती लोगों की हालत नाजुक बताई जाती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को इस हादसे की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम घटना स्थल पर पहुंची। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ और सुरक्षा में कहां चूक रही।