ग्वालियर। जिले के मोहना थाना क्षेत्र में दो दोस्तों के बीच मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की हत्या कर दी गई। बहस और मारपीट के दौरान एक युवक ने अपने ही दोस्त के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय ऋषिकेश सिकरवार के रूप में हुई है। वह मुरैना के न्यू आमपुरा क्षेत्र की 15वीं बटालियन सिविल लाइन इलाके में रहता था।
शराब के नशे में शुरू हुई दोनों में कहासुनी
जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश अपने मित्र दीपक शाक्य के साथ सुबह घर से ढाबे पर काम करने के लिए निकला था। दोनों पहले बस से ग्वालियर पहुंचे और फिर वहां से दूसरी बस पकड़कर मोहना इलाके की ओर चले गए। हाईवे के पास स्थित एक ढाबे पर दोनों दोस्तों ने साथ में खाना खाया। इसी दौरान उन्होंने शराब भी पी ली थी। पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच ऋषिकेश ने दीपक का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया।
झगड़े में बदला मोबाइल को लेकर हुआ विवाद
दीपक ने अपना फोन वापस मांगा, तो ऋषिकेश ने उसे देने से मना कर दिया। मोबाइल को लेकर शुरू हुआ छोटा सा विवाद धीरे-धीरे झगड़े में बदल गया। दोनों के बीच सड़क पर ही हाथापाई होने लगी। इसी दौरान दीपक के हाथ में एक डंडा आ गया। नशे की हालत में उसने गुस्से में आकर ऋषिकेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। डंडे का वार इतना गंभीर था कि ऋषिकेश सिकरवार जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर मोहना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नशे की हालत में छोटी-सी बात ने बड़ा रूप ले लिया और एक मामूली विवाद में एक युवक की जान चली गई। जबकि दूसरा सलाखों के पीछे चला गया।