ग्वालियर में कार सवार बदमाशों ने छात्रा को अगवा करने की कोशिश की, लेकिन उसकी बहादुरी से वारदात टली। पुलिस सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Gwalior Kidnapping Case: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में दिनदहाड़े छात्रा के अपहरण की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। कुछ बदमाश कार से आए और छात्रा को गाड़ी के अंदर बैठाने की कोशिश करने लगे। छात्रा ने हिम्मत दिखाकर अपनी जान बचाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। 

छठवीं कक्षा में पढ़ती है छात्रा
किडनैपिंग की कोशिश का यह मामला बहोड़ापुर इलाके का है। छात्रा छठवीं कक्षा में पढ़ती है। जैसे ही कार सवार बदमाशों ने उसे किडनैप करने की कोशिश की छात्रा चिल्लाने लगी। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना 8 अप्रैल की है।

जबरन कार में बैठाने की कोशिश
छात्रा ने पहले अपने शिक्षकों की पूरी बात बताई और इसके बाद परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है। छात्रा के अनुसार उसे स्कूल बस ने बस स्टॉप पर छोड़ा था। कुछ दूर गई तो एक कार उसके पास आकर रुक गई। कार सवार लोगों ने उसे घर तक ड्रॉप करने की बात कही लेकिन छात्रा ने मना कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने छात्रा को जबरन कार में बैठाने की कोशिश भी की। छात्रा ने तेज-तेज चिल्लाया तो आरोपी वहां से भाग गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि, छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कार सवार बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)