MP Politics: मध्यप्रदेश में  गुरुवार को पूर्व सांसद डॉ. राम लखन सिंह कुशवाह भाजपा में शामिल हो गए। कुशवाह के अलावा पाटन विधानसभा से कांग्रेस के विधायक रहे नीलेश अवस्थी और खरगापुर सीट से भारतीय जनशक्ति पार्टी के पूर्व विधायक अजय यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया है। ये नेता मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए हैं।

4 बार के सांसद रहे हैं राम लखन सिंह
भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद राम लखन सिंह 4 बार भिंड से सांसद रहे हैं। वहीं पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी पाटन विधानसभा कांग्रेस के विधायक रहे हैं। इसके साथ ही भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक अजय यादव खरगापुर सीट से भारतीय जनशक्ति पार्टी से विधायक रहे हैं। भिंड जिले में  पूर्व सांसद राम लखन सिंह का काफी प्रभाव माना जाता है। भाजपा में शामिल होने से भिंड लोकसभा चुनाव में फायदा मिलता दिखाई देगा। इन नेताओं के साथ करीब 600 से अधिक समर्थकों ने भाजपा का दामन थामा है। भाजपा में शामिल हुए सभी लोगों का नरोत्तम मिश्रा ने स्वागत किया।

सीएम मोहन यादव रहे मौजूद
भाजपा में शामिल होने के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा मौजूद रहे। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जब से नरोत्तम मिश्रा के पास ये काम आया है, तब से कोई अंचल नहीं बचा जहां से नेता बीजेपी में शामिल न हुए हों। वहीं शामिल नेताओं से कहा कि आप सब जहां भी होंगे, वहां पार्टी आपका उपयोग करेगी। हम सबको आज से ही काम पार्टी के लिए काम कर लोकसभा के प्रत्याशियों को जिताएंगे।