Ayodhya Ram Mandir: मध्यप्रदेश। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा में कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह अयोध्या में राम लला के दर्शन करेंगे। बताया जा रहा है कि, वे 26 मार्च को अयोध्या जाएंगे। मंदिर निर्माण के दौरान दिग्विजय सिंह ने घोषणा की थी कि, निर्माण कार्य पूरा होने पर वे राम लला के दर्शन अवश्य करेंगे। अब मंदिर निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो गया है तो दिग्विजय सिंह मंदिर जाने का अपना संकल्प पूरा करेंगे।
राम मंदिर निर्माण में दिग्विजय सिंह ने एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपए की निधि दी थी। उन्होंने कहा था कि, वे रामभक्त हैं और राजनीती से आस्था को दूर रखते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, दिग्विजय सिंह 26 मार्च की सुबह आठ बजे फ्लाइट से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। सुबह 9 बजे अयोध्या पहुंचकर राम लला के दर्शन करेंगे। इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
राज्यसभा में दिया था विदाई भाषण
राज्यसभा में 18 मार्च को कांगेस की ओर से सांसद दिग्विजय सिंह ने विदाई भाषण दिया था। अगले तीन महीने में 59 सांसद राजयसभा से रिटायर हो रहे हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी इन्हीं में से एक हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि, 'छात्र जीवन में मेरा राजनीति से कोई लेना देना नहीं था। परिस्थितियां ऐसी बनी कि, मैं 22 साल की उम्र में नगर पालिका अध्यक्ष बना, 30 साल की उम्र में विधायक बन गया, 33 साल में सांसद बना और फिर 40 साल में मुख्यमंत्री बन गया। पर लाइफ में कभी विचारधारा से समझौता नहीं किया।'
दिग्विजय सिंह ने अपने भाषण के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया था। उन्होंने पूर्व पीएम की बात को दोहराते हुए कहा कि, 'मैं न टायर्ड हूं न रिटायर्ड। आगे चलकर हम काम करेंगे।'
मनभेद किसी से नहीं
सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा था कि, 'राजनीतिक जीवन में मैंने कभी किसी के लिए कटुता नहीं पाली। कई बार मतभेद होते थे, लेकिन मनभेद किसी से नहीं हुआ। मैं जिनकी विचारधारा से सहमति नहीं होता, उनसे भी मेरे अच्छे रिश्ते हैं। मेरा सौभाग्य है कि मैं उस लोकसभा में भी रहा- जिसमें अटल जी, राजीव जी और चंद्रशेखर जी हुआ करते थे। इन लोगों से प्रभावित होकर ही मैंने अपना राजनीतिक सफर पूरा किया है।'