धार में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर लूट का नाटक रचा। पुलिस ने 6 घंटे में केस सुलझाकर बड़ा खुलासा किया।

MP Crime News: मध्यप्रदेश। शादी, अफेयर और मर्डर...धार में राजा रघुवंशी जैसा हत्यकांड सामने आया है। जिले के गोंदीखेड़ा में हुए हत्याकांड को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि, जिस पत्नी ने पुलिस को लूट की कहानी रो-रो कर बताई थी उसी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या की। पुलिस ने इस पूरे हत्याकांड का खुलासा मात्र 6 घंटे में किया है।

पुलिस ने बताया कि, जिस तरह से राजा रघुवंशी की हत्या की गई थी उसी तरह इस केस में भी हुआ है। प्रियंका नाम की महिला की शादी देवकृष्ण से हुई थी। उसने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर पति की हत्या की। इसके बाद पूरे मामले को 'लूट' का रूप देने की साजिश भी रची।

जेवर और नगद की लूट का बहाना
प्रियंका ने पुलिस को बताया था कि, देर रात कुछ बदमाश घर में घुस आए थे। बदमाशों ने उसे और उसके पति को अलग - अलग कमरे में बंद किया। इसके बाद तीन लाख रुपए के जेवर और 50 लाख रुपए लेकर फरार हो गए। प्रियंका के अनुसार विरोध करने पर बदमाशों ने उसके पति की हत्या कर दी।

बनावटी लगे पुलिस के बयान
जब पुलिस ने जांच शुरू की तो प्रियंका के बयान कुछ बनावटी से लगे। देवकृष्ण के सिर पर इतनी सटीकता से वार किया गया था कि, मामला सामान्य लूट का नहीं लग रहा था। मोबाइल गायब होने की बात कहना और बार-बार बयान बदलना बहुत अजीब था। 

15 साल की उम्र में हुई थी शादी
पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले जिसे देखकर लग रहा था कि, पति की हत्या के बाद प्रियंका और उसके प्रेमी ने शारीरिक संबंध बनाए। प्रियंका का प्रेमी कमलेश उसी के समाज का है। सख्ती से पूछताछ करने पर प्रियंका ने खुद अपना जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि, उसकी शादी महज 15 साल की उम्र में हुई थी। उसके और कमलेश के बीच उसका पति आ रहा था। उसे रास्ते से हटाने के लिए उसने ये साजिश रची।

(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)