Logo
election banner
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव लगातार दौरा कर रहे हैं। उज्जैन से लौटने के बाद सीएम मंगलवार को सतना दौरे पर रहेंगे। सीएम चित्रकूट में विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होकर सतना जिले को 51 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मंगलवार को सतना दौरे पर हैं। सीएम सतना से पटनाखुर्द और चित्रकूट जाएंगे। इस दौरान सीएम विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होकर 51 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन करेंगे और श्रीराम वन गमन पथ न्यास की पहली बैठक लेंगे।

सीएम के अलावा कई अन्य मंत्री और प्रदेश के आला अफसर भी चित्रकूट में मौजूद रहेंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जिले के 51 करोड़ रुपए लागत के 38 विकास कार्यों की सौगात देंगे। सीएम सतना जिले के 28 करोड़ 10 लाख रुपए लागत के 24 नवनिर्मित विकास कार्यों का लोकार्पण और 22 करोड़ 74 लाख रुपए लागत के 14 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे।

ऊर्जा मंत्री सहित ये मंत्री भी चित्रकूट प्रवास पर रहेंगे 
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, संस्कृति एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी चित्रकूट के प्रवास पर रहेंगे। यहां श्रीरामचन्द्र वन गमन पथ न्यास की पहली बैठक में शामिल होंगे। सभी मंत्री शाम 4 बजे चित्रकूट से भोपाल रवाना होंगे।

जानें, मुख्यमंत्री मोहन कब, क्या करेंगे 
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम हेलीकॉप्टर से मझगवां विकासखंड के पटनाखुर्द जाएंगे। यहां विकसित भारत संकल्प यात्रा के स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। पटना खुर्द से रवाना होकर सीएम दोपहर 1.15 बजे चित्रकूट के उद्यमिता परिसर पहुंचेंगे। दर्शन-पूजन के स्थानीय कार्यक्रम के बाद सीएम ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सभागार में श्री रामचंद्र पथ वन गमन न्यास की पहली बैठक लेंगे। फिर ग्वालियर-बेंगलुरु फ्लाइट के शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअली जुडेंगे। बाद में मुख्यमंत्री कामतानाथ स्वामी के दर्शन-पूजन के बाद स्थानीय आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव शाम 4.30 बजे खजुराहो के लिए रवाना होंगे। 

दिल्ली से सीधे चित्रकूट पहुंचेंगे सीएम 
मुख्यमंत्री मोहन यादव दिल्ली में हैं। दिल्ली से सीधे चित्रकूट जाएंगे। मुख्यमंत्री चित्रकूट में भगवान राम वन गमन पथ को लेकर आठ जिलों में कराए जाने वाले कार्यों  को लेकर बैठक करेंगे। चित्रकूट के ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिसर में होने वाली बैठक के लिए जो एजेंडा तय किया गया है, उसमें न्यास से संबंधित जानकारी का प्रजेंटेशन होगा। इसके बाद न्यास क्षेत्र में किए जाने वाले कामों का प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा। बैठक में न्यासी सदस्यों के सुझाव लिए जाएंगे। 

jindal steel Ad
5379487