मुख्यमंत्री मोहन यादव आज शुजालपुर, बैतूल, कटनी और जबलपुर के दौरे पर रहेंगे। वे सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे, बैतूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे और कटनी में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुजालपुर, बैतूल, कटनी और जबलपुर के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, किसानों से संवाद करेंगे और विकास से जुड़े कई कार्यों की शुरुआत करेंगे। सीएम डॉ. यादव के दिन की शुरुआत शुजालपुर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह से होगी। वे सुबह 11 बजे इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लेंगे।  

11:50 बजे भोपाल से होंगे रवाना  
इसके बाद, सीएम भोपाल से 11:50 बजे बेतूल के लिए रवाना होंगे। बैतूल में वह सबसे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निवास जाएंगे। इसके हाल ही में खंडेलवाल की बेटी सुरभि का निधन हो गया था, इसलिए सीएम यादव उनसे मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। इस दौरे में सीएम यादव शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देंगे। बैतूल के बाद मुख्यमंत्री दोपहर में कटनी जिले के विजयराघवगढ़ क्षेत्र के बरही के लिए रवाना होंगे।

बरही में किसानों से सीधे संवाद करेंगे  
 बरही में वह किसान सम्मेलन में भाग लेंगे और किसानों से सीधे संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान वे कृषि से जुड़े मुद्दों और किसानों की समस्याओं को सुनेंगे तथा समाधान के प्रयासों पर चर्चा करेंगे। यहां कृषि और उससे संबंधित विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 

कटनी दौरे में सीएम जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। बरही क्षेत्र में करोड़ों रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा जल संरक्षण से जुड़े जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण की शुरुआत भी की जाएगी। 

सीएम यादव आभार रैली में हिस्सा लेंगे
सीएम यादव बड़े तालाब से श्री वजयनाथ धाम टेंपल तक आयोजित आभार रैली में भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में वह सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री कृषक मित्र योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डॉ. अंबेडकर कामधेनु योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना जैसी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण किया जाएगा। इसके बाद सीएम बरही से जबलपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।