दतिया में CM मोहन यादव ने 62 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया, किसान सम्मेलन में योजनाओं का लाभ भी बांटा।

Datia News: दतिया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 मार्च को दतिया जिले के भांडेर के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया। उन्होंने यहां 62 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत के12 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का हितलाभ भी वितरित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहां कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मौका था यहां आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन का। 

सीएम डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कन्यापूजन भी किया। इस अवसर पर सीएम डॉ. यादव एक तरफ कांग्रेस पर बरसे, तो दूसरी ओर जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यहां हुए स्वागत और प्रेम को देखकर ऐसा लगा जैसे आज ही मेरा जन्मदिन मनाया गया हो।   

किसानों को काम करते देख आनंद की अनुभूति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उत्तर-दक्षिण-पूरब-पश्चिम, किसी भी क्षेत्र में, दुनिया के किसी भी कोने में और देश के अंदर भी अगर भारतीयों को परेशानी होती है तो प्रधानमंत्री मोदी के माध्यम से तुरंत मदद मिलती है। किसानों को काम करते देख आनंद की अनुभूति होती है। सीमा पर जवान और खेत में किसान को बारंबार प्रणाम है। जब हम किसानों की मेहनत देखते हैं तो पता चलता है कि वह सूरज से आंखें मिलाकर, पसीना बहाकर जान की बाजी लगाता है। किसान ही हमारा भाग्य विधाता है। 

CM Mohan Yadav

बच्चों के लिए यशोदा मां योजना
उन्होंने कहा कि आज खेती के काम में कई प्रकार की चुनौतियां हैं। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि यहां सांदीपनि विद्यालय खुलेगा। यहां हमारे बच्चे पढ़ेंगे-लिखेंगे। हमारे बच्चे भगवान कृष्ण के अनुयायी बनेंगे। कांग्रेसी पूछते हैं कि आप सांदीपनि विद्यालय की तारीफ क्यों करते हो। तो, मैं कहना चाहता हूं कि यह विद्यालय अद्भुत हैं। यहां बच्चों को किताबें मिलती हैं, यूनिफॉर्म मिल रही है, पढ़ाई का अच्छा वातावरण मिल रहा है, इसलिए इस विद्यालय की तारीफ क्यों न करें। हमारी सरकार मेधावी बच्चों को स्कूटी और लैपटॉप दे रही है। इस साल जब बच्चे स्कूल जाएंगे, तो उनको दूध का पैकेट भी देंगे। इसके लिए हमारी सरकार ने यशोदा मां के नाम पर योजना चलाई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दतिया में

कांग्रेस पर बरसे सीएम यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, कांग्रेस के शासनकाल में बच्चों को टाट-पट्टी साथ ले जानी पड़ती थी, स्कूल में बैठने की जगह नहीं होती थी। स्कूल भी पेड़ के नीचे लगता था। इस बात पर कांग्रेसियों को प्रदेशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। यहां वर्षों तक तुम्हारी सरकारें रहीं, लेकिन तुमने कुछ नहीं किया। यह काम हमारी सरकार ने किया है।

ट्रैक्टर पर सीएम मोहन यादव

इन कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमि-पूजन
दतिया जिले के पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान संकाय भवन-केंटीन, माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना में यात्री निवास भवन, पुलिस लाइन परिसर में रक्षित निरीक्षक कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। यहां 33/11 केव्ही 5 एमवीए उप-केन्द्र, 3.15 एमवीए पॉवर परिणामित्र-2 का स्थापना कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने  भांडेर के सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ततारपुर स्टेडियम, पण्डोखर धाम के पास विश्राम गृह, रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने रतनगढ़ माता मंदिर के पास 33/11 केव्ही 5 एमवीए उप-केन्द्र स्थापना कार्य, सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 50 सीटर बालक छात्रावास और 50 सीटर बालिका छात्रावास का भूमि-पूजन किया।