बोर्ड परीक्षा के नतीजे जहां कई घरों में खुशियां लेकर आए, वहीं छिंदवाड़ा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। परासिया क्षेत्र में 10वीं की एक छात्रा ने रिजल्ट आने के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि छात्रा तीन विषयों में फेल होने के कारण गहरे मानसिक दबाव में थी। यह घटना न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके के लिए सदमे की वजह बन गई है और एक बार फिर परीक्षा परिणाम को लेकर बढ़ते तनाव पर सवाल खड़े कर रही है।
बाथरूम में फांसी लगाकर दी जान
परिजनों के मुताबिक, सानिया ने मोबाइल पर अपना रिजल्ट देखा और उसके तुरंत बाद वह बाथरूम में चली गई। काफी समय तक बाहर न आने पर परिवार को चिंता हुई। करीब आधे घंटे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो सानिया फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रिजल्ट देखने पर पता चला कि सानिया तीन विषयों में पास नहीं हो पाई थी।
पुलिस जांच में जुटी, प्रशासन ने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे मामले में पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल सिंह बघेल ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा परिणाम को बेहद सकारात्मक तरीके से लें और कोई गलत कदम न उठाएं। उन्होंने बताया बोर्ड द्वारा इम्प्रूवमेंट परीक्षा का मौका दिया जाता है। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे दोबारा परीक्षा देकर बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं।