मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। सौंसर के उमरानाला क्षेत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही यात्रियों से भरी बस पिकअप वाहन से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बस में करीब 47 लोग सवार थे, जो जाम सांवली स्थित हनुमान लोक के लोकार्पण कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क किनारे पलट गई और कई यात्री उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
CM मोहन यादव ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। साथ ही सभी घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश दिए गए हैं। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम बनाकर स्थिति की निगरानी शुरू कर दी है, वहीं जबलपुर से डॉक्टरों की टीम भी भेजी गई है।
हादसे में महिला और बच्चे का हाथ कटा
हादसा इतना भयावह था कि कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया, जबकि कई घायलों के सिर में गहरी चोटें बताई जा रही हैं। जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है, जहां बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं।
6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चे की मौत
जिला अस्पताल के डीन अभय सिन्हा के मुताबिक मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। एक घायल की हालत नाजुक होने के कारण उसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रशासन ने घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया, जिससे समय पर इलाज संभव हो सका।
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।