Indore Pataka Factory Blast: मध्यप्रदेश के इंदौर से बड़ी खबर है। महू थाना क्षेत्र के आंबा चंदन गांव में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से विस्फोट हो गया। केमिकल रूम में लगी आग के बाद ब्‍लास्‍ट इतना तेज हुआ कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग की चपेट में आने से तीन कर्मचारी झुलस गए। हादसा दोपहर 3.30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य किया। टीम ने घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है। 

31 मार्च तक ही वैलिड था फैक्ट्री का लाइसेंस 
जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में आने से दातोदा निवासी रोहित पिता परमानंद, महाराष्ट्र निवासी  अर्जुन पिता नाथू राठौर और उमेश पिता माणिक चौहान घायल हुए हैं। जिस फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ वहां सुतली बम बनाए जाते हैं। फैक्ट्री साखिर खान नाम के व्यक्ति की है, जो राऊ का रहने वाला है। फैक्ट्री का लाइसेंस 31 मार्च तक ही वैलिड था।

सुतली बन बनाने का काम चल रहा था
पुलिस के मुताबिक,आंबा चंदन गांव महू से 8 किमी दूर फैक्ट्री है। जंगल की तरफ खेत में पटाखा फैक्ट्री है। जिस समय ब्लास्ट हुआ, तब फैक्ट्री में सुतली बम बनाने का काम चल रहा था। शुक्र है कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आसपास कोई ज्वलनशील पदार्थ के अन्य भंडारण न होने और घरों के दूर-दूर होने की वजह से आग फैलने से बच गई। बता दें कि इंदौर में राऊ, सिमरौल और अन्य क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पटाखा फैक्ट्री हैं।  

  • जानें एमपी में कब, कहां हुआ फैक्ट्री में ब्लास्ट

हारदा ब्लास्ट में 14 की हुई थी मौत 
मध्यप्रदेश में पहले भी पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट की घटनाएं हुई हैं। हाल ही में छह फरवरी को हरदा की बैरागढ़ पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था।  हादसे में 14 लोगों की मौत हुई थी। कई लोग घायल हुए थे।  हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस ने फैक्ट्री मालिक सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सीएम मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लेते हुए कई अफसरों के तबादले भी किए थे। मृतक और घायलों को सरकार की तरफ से मुआवजा भी दिया गया था। 

दमोह में 5 की गई थी जान 
एमपी के दामोह में 31 अक्टूबर 2023 को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में 5 लोगों की मौत हो गई थी और 10 घायल भी हुए थे। यह विस्फोट शहर के नारीया बाज़ार इलाके में एक पटाखा निर्माण इकाई में हुआ था। मृतकों की पहचान अभय गुप्ता (42), अपूर्व खटीक (19), रामकली कोष्टा, विनीता राजपूत और रिंकी कोरी (30) के रूप में हुई थी।  

पेटलावद में पटाखा विस्फोट में 79 की हुई थी मौत
9 साल पहले 12 सितंबर 2015 को पेटलावद में पटाखा फैक्‍ट्री में विस्‍फोट हुआ था। हादसे में 79 लोगों की मौत हुई थी और 150 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। जांच में पता चला था कि विस्फोट मकान में अवैध रूप से रखी जिलेटिन राड़े और डेटोनेटर के कारण हुआ था। हादसे से चारों ओर लाशों का ढेर लग गया था। 

मुरैना में भी हुआ था ब्लास्ट 
मध्य प्रदेश के मुरैना में भी इसी तरह का बड़ा हादसा सामने आया था। 20 अक्टूबर 2023 को पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट हो गया था। इस हादसे में 4 लोगों की मौत और आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। मुरैना में 30 अगस्त 2023 को जिले में स्थित चेरी फैक्ट्री में हुए हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई थी। इसमें 3 सगे भाई भी शामिल थे।