बालाघाट में तेज रफ्तार आबकारी वाहन ने कार को 70 मीटर तक घसीटा। हादसे में चालक की मौके पर मौत, मासूम समेत तीन लोग घायल।

बालाघाट में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि, जिले के वारासिवनी में आबकारी विभाग के तेज रफ्तार वाहन ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार को 70 मीटर तक घसीटा। इस हादसे में सरकारी वाहन चालाक की मौके पर मौत हो गई। आगे की कार में बैठे तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। 

जानकारी के अनुसार हादसा सीएम राइज स्कूल के पास हुआ है। पुलिस के अनुसार, मलाजखंड के रहने वाले धर्मवीर गौतम अपनी पत्नी और बेटे के साथ वर्धा जा रहे थे। स्कूल के पास ब्रेकर था। धर्मवीर ने गाड़ी की रफ्तार धीमी की लेकिन पीछे से आ रही आबकारी विभाग के वाहन की रफ्तार तेज थी। इसके चलते दोनों गाड़ियों की टक्कर हो गई।

मौके पर वाहन चालक की मौत
आबकारी विभाग के वाहन ने आगे की कार को थोड़ी दूर तक घसीटा। कुछ ही पलों में वाहन पलट गया। वाहन चालाक जितेंद्र बावने स्टीयरिंग और सीट के बीच में फंस गए थे। इसके कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वाहन में दो और लोग सवार थे जिन्हें चोट आई। इलाज के लिए घायलों को अस्पताल भेजा गया है।

वारासिवनी अस्पताल में इलाजरत परिवार
धर्मवीर गौतम और उनके परिवार का इलाज वारासिवनी अस्पताल में चल रहा है। धर्मवीर का कहना है कि, इतने भीषण हादसे के बाद परिवार के लोग सुरक्षित हैं यह किसी चमत्कार से कम नहीं। 

दुर्घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन चालक का शव गाड़ी से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।