अक्षय तृतीया के साथ भोपाल में शादी सीजन की शुरुआत हो रही है। महंगाई के बावजूद बाजारों में रौनक बढ़ी है, लेकिन इस बार लोगों का खर्च करने का तरीका बदल गया है। किराना, कपड़ा, सराफा और क्रॉकरी की कीमतों में वृद्धि के बीच ग्राहक सीमित बजट में शादी प्लान कर रहे हैं।

भोपाल। विवाह के सीजन की औपचारिक शुरुआत अक्षय तृतीया के साथ 15 अप्रैल से होने जा रही है। इस अवसर को शुभ मानते हुए शहर में शादियों की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में एक बार फिर चहल-पहल लौट आई है और अलग-अलग व्यापारिक क्षेत्रों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। महंगाई के दबाव के बावजूद किराना, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और फुटवियर जैसे सेक्टरों में कारोबार सामान्य गति से चलता दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस बार उपभोक्ताओं का खरीदारी का तरीका पहले से बदला हुआ नजर आ रहा है। लोग अब बड़े खर्च से बचते हुए सीमित बजट में विवाह का आयोजन कर रहे हैं। विवाह समारोह छोटे और व्यवस्थित हो गए हैं, जहां अनावश्यक खर्चों को कम किया जा रहा है।

किराना सामग्री में लगभग 20% की तेजी
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री एवं कैट के पूर्व प्रवक्ता विवेक साह के अनुसार, इस सीजन में मांग तो बनी हुई है, लेकिन ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार ही खरीदारी कर रहे हैं। किराना सामग्री की कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसका असर शादी के बजट पर साफ दिखाई दे रहा है। वैश्विक परिस्थितियों, खासकर पश्चिम एशिया के तनाव, का असर तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ा है। इसी कारण उपभोक्ता अब सोच-समझकर खर्च को प्राथमिकता दे रहे हैं। कपड़ा बाजार में इस बार रेडीमेड और डिजाइनर कपड़ों की मांग अधिक देखने को मिल रही है। 

रेडीमेड-डिजाइनर कपड़े 20% चढ़े
जहां एक ओर कीमतों में 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, वहीं दूसरी ओर ग्राहकों की रुचि साधारण कपड़ों की बजाय आकर्षक डिजाइनर परिधानों की ओर झुकी है। सराफा बाजार में सोने और चांदी के बढ़ते दामों ने खरीदारी को प्रभावित किया है। अब लोग भारी गहनों की बजाय केवल जरूरी आभूषण ही खरीदना पसंद कर रहे हैं। इसका सीधा असर ज्वेलरी कारोबार पर पड़ा है, जहां बिक्री में कुछ गिरावट देखी जा रही है। बर्तन और क्रॉकरी सेक्टर में भी कीमतों में इजाफा हुआ है, लेकिन मांग बनी हुई है। विशेष रूप से प्लास्टिक से बनी क्रॉकरी में 30 से 40 प्रतिशत तक महंगाई दर्ज की गई है।

सामूहिक विवाह का महत्व बढ़ा
अक्षय तृतीया के अवसर पर भोपाल में सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। 20 अप्रैल को गुफा मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा, जिसमें कई नवयुगल वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। इस आयोजन में सामूहिक बारात निकाली जाएगी, जहां दूल्हे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। समाज के लोगों द्वारा बारात का स्वागत पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के साथ किया जाएगा। दोपहर में विवाह की मुख्य रस्में पूरी होंगी और शाम को विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही युवक-युवती परिचय सम्मेलन भी होगा, जिसमें विवाह योग्य युवाओं का परिचय कराया जाएगा।