इंदौर जिले में बैंकों के करीब 6 लाख खातों में 250 करोड़ रुपये बिना उपयोग के पड़े हैं। सांसद शंकर लालवानी ने लोगों से अपने निष्क्रिय खाते सक्रिय कर राशि निकालने की अपील की। विस्तार से जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Indore News : इंदौर। जिले के बैंकों में बड़ी मात्रा में ऐसी धनराशि पड़ी है, जिस पर सालों से किसी ने दावा नहीं किया है। जिला कोषालय की वरिष्ठ अधिकारी मोनिका कटारे ने बताया कि लगभग 250 करोड़ रुपए ऐसे खातों में जमा हैं, जो पिछले 10 सालों या उससे भी अधिक समय से निष्क्रिय पड़े हैं। ऐसे करीब 6 लाख बैंक खाते हैं, जिनमें लंबे समय से कोई लेन-देन नहीं किया गया है। इन खातों में निजी बचत खाते भी शामिल हैं और वे खाते भी, जो विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत खोले गए थे। 

यह जानकारी कलेक्टर कार्यालय में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान साझा की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद शंकर लालवानी ने की, जिसमें बैंक अधिकारियों, प्रशासनिक अफसरों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में आसान व्यवसायिक ऋण, अनुदान योजनाओं की स्थिति, निष्क्रिय खातों में पड़ी राशि और वित्तीय जागरूकता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। 

सांसद ने संबंधित बैंकों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी खातों की विस्तृत सूची तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। सांसद लालवानी ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का बैंक खाता पिछले एक दशक से संचालित नहीं हुआ है, तो वे संबंधित बैंक शाखा में जाकर उसे दोबारा सक्रिय करा सकते हैं। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद खाते में जमा राशि निकाली जा सकती है।