fire accident in Yamunanagar: प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग से बड़ा नुकसान, 200 मजदूरों की जान बचाई

fire accident yamunanagar
X
यमुनानगर की प्लाईवुड फैक्टरी में लगी भीषण आग।
हरियाणा के यमुनानगर में प्लाईवुड फैक्ट्रियों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ओल्ड सहारनपुर रोड पर एक बड़ी फैक्ट्री में भीषण आग से लाखों रुपये नुकसान हो गया। फैक्ट्री के अंदर 200 मजदूर थे।

fire in Yamunanagar : हरियाणा के यमुनानगर जिले के ओल्ड सहारनपुर रोड पर स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री बुधवार को अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग इतनी तेज़ी से फैली कि फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा धधकने लगा और आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक नज़र आने लगा। आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ फैक्ट्री के बाहर जुटने लगी।

फैक्टरी में काम करते हैं 200 मजदूर

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग 8 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दमकल कर्मियों को फैक्ट्री परिसर में प्रवेश करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 200 कर्मचारी काम कर रहे थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते सभी मजदूरों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू में मदद की। वहीं, कर्मचारियों ने हिम्मत करके फैक्ट्री से जितना सामान हो सका, उसे भी बाहर निकाला। अधिकारियों ने राहत की सांस ली कि किसी की जान नहीं गई, वरना हादसा भयावह रूप ले सकता था।

लाखों रुपये के नुकसान की आशंका

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रारंभिक अनुमान है कि फैक्ट्री में रखी लकड़ी और रसायन जैसी ज्वलनशील सामग्री ने आग को और भड़का दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि नुकसान का आंकलन अभी नहीं किया जा सका है, लेकिन लाखों रुपये की संपत्ति के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री मालिक और संबंधित विभागों से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

16 अगस्त को भी दो फैक्ट्रियों में लगी थी आग

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस औद्योगिक क्षेत्र में आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं हैं। कई बार पहले भी छोटी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस स्तर की आग पहली बार देखी गई है। हादसे के बाद इलाके की अन्य फैक्ट्रियों में भी सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है। बता दें कि 16 अगस्त को भी खजूरी रोड स्थित दो प्लाइवुड फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। जिन पर भी कड़ी मशक्कत के बाद 10 से ज्यादा दमकल की गाड़ियों ने काबू पाया था। ऐसे में यमुनानगर की फैक्ट्रियों में बार-बार आग लगने की घटनाएं होना चिंता का विषय है।

यह भी पढ़ें : यमुनानगर में दो प्लाईवुड फैक्ट्रियों में आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story