flood alert: हरियाणा में नदियां उफान पर, बाढ़ का मंडराया संकट, कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

haryana flood alert
X

फरीदाबाद के खेतों में घुसा यमुना नदी का पानी। 

पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से हरियाणा में भी नदियां उफान पर हैं। इस वजह से कई जिलों में बाढ़ का संकट मंडरा रहा है। प्रशासन ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर अलर्ट जारी कर दिया है।

flood alert : हरियाणा में लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी इलाकों से बढ़ते जलस्तर ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सरकार ने प्रदेश में बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सिरसा में घग्गर नदी, फरीदाबाद में यमुना और कुरुक्षेत्र की मारकंडा नदी खतरे के निशान पर बह रही हैं। इस बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपना प्रस्तावित 2 से 5 सितंबर का UAE दौरा रद्द कर दिया है।

नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई जिले प्रभावित

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति की खबरें आ रही हैं। सिरसा में घग्गर नदी उफान पर है। फरीदाबाद में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों के खेत डूब गए हैं। कुरुक्षेत्र की मारकंडा नदी पहले से ही ओवरफ्लो चल रही है। अंबाला में टांगरी नदी का पानी कई कॉलोनियों में घुस चुका है। बारिश का असर इतना ज्यादा है कि हिसार, फतेहाबाद, जींद और सोनीपत में सड़कों से लेकर कॉलोनियों तक पानी भर गया है। घग्गर नदी में 42342 क्यूसेक पानी बह रहा है। कैथल में चीका पटियाला रोड पर स्थित घग्गर नदी के पुल पर लगाए गए सरकारी गेज के अनुसार रविवार शाम पांच बजे घग्गर नदी का जलस्तर 21 फीट के आसपास बह रहा था, जबकि यहां पर खतरे का निशान 23 फीट पर दर्शाया गया है। यदि थोड़ा पानी और आया तो हालात बिगड़ जाएंगे।

सीएम सैनी का UAE दौरा रद्द

भारी बारिश और बाढ़ के हालात को देखते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने अपना UAE दौरा रद्द कर दिया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश की स्थिति पर लगातार नजर रखने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सीएम सीमावर्ती जिलों में हालात का अपडेट लगातार ले रहे हैं।

कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

प्रदेश सरकार ने बाढ़ और बारिश से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। पब्लिक हेल्थ विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। किसी भी कर्मचारी को अपना स्टेशन छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और राहत-बचाव कार्य के लिए टीमें तैनात की गई हैं।

फतेहाबाद और नारनौल में तीन मौत

लगातार बारिश ने हादसों को भी जन्म दिया है। फतेहाबाद जिले के खाराखेड़ी में बारिश में घर की कच्ची छत गिरने से 27 वर्षीय सोनू की मौत हो गई। वह दो बेटियों का पिता था। उसकी गर्भवती पत्नी मायके गई हुई थी। वहीं, फतेहाबाद के ही गांव धारसूल के पास एक कार गड्ढे में डूब गई। इसमें एक युवक और उसके पालतू कुत्ते की मौत हो गई। चार को समय रहते पुलिस ने बचा लिया। नारनौल के हमीदपुर गांव में 34 वर्षीय किसान बिरेंद्र सिंह बांध के पानी में डूब गया। चरखी दादरी में नहर से एक मासूम बच्चे का शव बरामद हुआ।

नूंह में चार भाइयों का मकान ढहा

लगातार बारिश से नूंह जिले के पुन्हाना खंड के गांव गोधौली में चार भाइयों का मकान गिर गया। गनीमत रही कि परिवार मजदूरी करने बाहर गया हुआ था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फरीदाबाद जिले में दिल्ली के ओखला बैराज से 55 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर बढ़ गया। गांव रजपुरा के खेत पूरी तरह जलमग्न हो गए। किसानों की बाजरे की फसल पानी में डूबकर पूरी तरह खराब हो गई।

रेलवे और परिवहन पर असर

भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में कठुआ-माधोपुर सेक्शन में तकनीकी समस्या के कारण पुल पर ट्रैक डैमेज हो गया। नतीजतन, 10 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा।

घग्गर नदी पर निगरानी बढ़ाई

बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। फतेहाबाद में घग्गर नदी पर निगरानी बढ़ा दी गई है। चांदपुरा साइफन के पास पोकलेन मशीन और जेसीबी तैनात की गई हैं ताकि तटबंध मजबूत किए जा सकें। भूना कस्बे में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला नगर आयुक्त खुद मौके पर पहुंचे और सफाई कार्य करवाया।

आज शाम को यहां आएगी बारिश

हिसार के चौधरी चरणसिंह कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने आज शाम 5:30 बजे तक कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगह तेज बारिश हो सकती है।

अगले दो दिन मौसम का अलर्ट

हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। एक सितंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं, 2 सितंबर को 15 जिलों रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी सहित गुरुग्राम और फरीदाबाद में भारी बारिश का अनुमान है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story