कांग्रेस पर पुष्कर सिंह धामी का हमला: बोले, पर्ची व खर्ची से युवाओं को नौकरियां देने की रच रहे साजिश

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami addressing the people in Panchkula.
X
पंचकूला में लोगों को संबोधित करते उत्तराखड़ के सीएम पुष्कर सिंह धामी। 
पंचकूला में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने सदा भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा दिया।

पंचकूला: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने सदा भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा दिया। कांग्रेस पर्ची और खर्ची से युवाओं को नौकरियां देने की साजिश रच रही है। युवाओं को भाजपा पर भरोसा है। युवाओं को पता है कि उनका भविष्य भाजपा ही सुरक्षित रख सकती है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां दी। जबकि कांग्रेस की सरकार में नौकरियां बेची जाती थी। कांग्रेस का असली मकसद भ्रष्टाचार करना और परिवारवाद को बढ़ावा देना है।

पंचकूला में करवाए करोड़ों के कार्य

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पंचकूला में करोड़ों रुपए के विकास कार्य कराकर इतिहास रचा है। पंचकूला की जनता और भाजपा के कार्यकर्ताओं के उत्साह ने स्पष्ट कर दिया कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उत्तराखंड के सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की दशा और दिशा को बदला है। मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत और सुरक्षित हुआ है। डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा को बुलंदियों पर पहुंचाया। हरियाणा विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नेशनल हाइवे ने बदली हरियाणा की तस्वीर

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरियाणा में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस, दिल्ली अमृतसर कटरा एक्सप्रेस, अमृतसर बठिंडा जामनगर एक्सप्रेस, कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस हरियाणा के विकास की तस्वीर है। आज जो हरियाणा है उसकी 10 साल पहले कल्पना नहीं की जा सकती थी। भाजपा सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंचाया, गांवों में 24 घंटे बिजली आ रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली से जन-जन खुश है और तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए तत्पर है।

कांग्रेस किसानों का अपमान करने वाली पार्टी

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के समय किसानों को 2-2 रुपए के चेक मिलते थे। कांग्रेस किसानों का अपमान करने वाली पार्टी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी दी है। हरियाणा देश में एमएसपी पर 24 फसले खरीदने वाला पहला राज्य बना है। हरियाणा कांग्रेस प्रत्याशियों द्वारा नौकरियों की बोली लगाने पर तंज कसते हुए सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस से यही उम्मीद की जा सकती है। कांग्रेस का मतलब ही भ्रष्टाचार है। कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नौकरियों की खुली बोली लगाकर कांग्रेस की मंशा को उजागर किया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story