हरियाणा के करनाल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। घरौंडा के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में अपना हेल्थ कार्ड बनवाने आई एक दो माह की गर्भवती महिला के साथ महिला स्वास्थ्य कर्मी द्वारा मारपीट और बदसलूकी की गई। आरोप है कि बहस के दौरान एएनएम ने अपना आपा खो दिया और गर्भवती महिला पर डंडे बरसा दिए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कार्ड बनवाने आई थी गर्भवती, मिलीं लाठियां
पीड़ित महिला ममता के अनुसार, वह वीरवार (2 अप्रैल) को घरौंडा स्वास्थ्य केंद्र में अपना प्रेग्नेंसी कार्ड बनवाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान किसी बात को लेकर वहां तैनात एएनएम के साथ उनकी कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि एएनएम ने आव देखा न ताव और पास पड़ा डंडा उठाकर गर्भवती महिला पर वार कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि स्वास्थ्य कर्मी ने उसका मुंह तक नोंच लिया।
वीडियो बनाने पर और भड़की स्वास्थ्य कर्मी
अस्पताल में मौजूद एक युवक जब इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगा, तो एएनएम का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने वीडियो बना रहे युवक को भी सरेआम थप्पड़ जड़ दिया और आक्रामक व्यवहार किया। वायरल वीडियो में स्वास्थ्य कर्मी साफ तौर पर बहसबाजी और हाथापाई करती नजर आ रही है।
अस्पताल में भारी हंगामा, पुलिस पहुंची मौके पर
वारदात के बाद पीड़ित महिला ने तुरंत अपने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते महिला के परिजन अस्पताल पहुंच गए और स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराया।
पीड़िता ने करवाया मेडिकल, जांच शुरू
गर्भवती महिला ममता ने अपना मेडिकल परीक्षण करवाया है और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी ओर, आरोपी एएनएम पक्ष ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिल गई है और वायरल वीडियो के साथ-साथ तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।