हरियाणा के नूंह जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पति ने पंचायत के समझौते के चंद घंटों बाद ही अपनी पत्नी को जूस में नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया, उसे बेरहमी से पीटा और उसके सिर के बाल काटकर मायके के पास सुनसान जगह फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज फिलहाल नलहड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पंचायत में समझौते के बाद लौटी थी ससुराल
नूंह के बिछोर गांव की रहने वाली उस्मानी (38) की शादी 20 साल पहले पलवल के बीबीपुर निवासी सद्दाम से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित कर रहा था। विवाद के चलते महिला एक महीने से मायके रह रही थी। 6 मार्च को हथीन थाने में पंचायत हुई, जहाँ दोनों पक्षों में राजीनामा हुआ और उस्मानी खुशी-खुशी अपने पति के साथ ससुराल लौट गई।
नशीला जूस पिलाकर की दरिंदगी
महिला ने बताया कि ससुराल पहुँचने की पहली ही रात उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। बेसुध होने के बाद पति और ससुराल वालों ने उसे जमकर पीटा। जब पति का मन नहीं भरा, तो उसने कैंची से उस्मानी के सिर के बाल काट दिए। इसके बाद आरोपी उसे बिछोर गांव के पास सुनसान इलाके में फेंककर फरार हो गए।
पति जबरन करवाता था अबॉर्शन
पीड़िता के भाई जैकम ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सद्दाम अक्सर नशे की हालत में उसकी बहन को पीटता था। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि अतीत में कई बार उस्मानी का जबरन अबॉर्शन (गर्भपात) भी करवाया गया था। समझौते के बाद भी ससुराल वालों ने धोखा दिया और उसकी जान लेने की कोशिश की।
पुलिस ने दिया जल्द कार्रवाई आश्वासन
बिछोर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं। हालांकि, अभी तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।