गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके दोस्त से कड़ाई से पूछताछ की। उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि नसीब अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था।

हरियाणा के फतेहाबाद जिले के अंतर्गत आने वाले जाखल क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति की रोज-रोज की प्रताड़ना और दुर्व्यवहार से छुटकारा पाने के लिए एक आत्मघाती कदम उठाया। आरोपी महिला ने अपने पति के ही एक मित्र के साथ मिलकर पहले उसकी गला दबाकर हत्या की और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी पूजा और उसके सहयोगी श्रवण को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की शिनाख्त 44 वर्षीय नसीब के रूप में हुई है, जो गांव साधनवास का रहने वाला था।

गुमशुदगी की शिकायत से शुरू हुई पुलिस जांच  
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब मृतक नसीब के भाई रघुनाथ ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। रघुनाथ ने 3 मार्च को जाखल पुलिस को सूचित किया था कि नसीब संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं लापता हो गया है। शिकायत दर्ज होने के बाद डीएसपी जय भगवान के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम नसीब की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को नसीब की पत्नी और उसके दोस्त के बयानों में विरोधाभास नजर आया, जिसके बाद संदेह की सुई उन पर टिक गई। कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों ने जुर्म कुबूल कर लिया।

घरेलू हिंसा और ब्लैकमेलिंग बनी मौत का कारण
पुलिस जांच में यह बात निकलकर सामने आई कि नसीब और उसकी पत्नी के बीच संबंध मधुर नहीं थे। आरोपियों ने बताया कि नसीब अक्सर शराब के नशे में पूजा के साथ मारपीट करता था। वह पूजा की निजी वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। इसी अपमान और शारीरिक पीड़ा से मुक्ति पाने के लिए पूजा ने अपने पति के दोस्त श्रवण के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची।

वारदात को अंजाम देकर शव ठिकाने लगाया 
योजना के अनुसार जब नसीब शराब के अत्यधिक नशे में था और खुद को संभालने की स्थिति में नहीं था तब दोनों आरोपियों ने उसका गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया। इसके बाद उन्होंने गुपचुप शव को नहर में बहा दिया ताकि किसी को कानों-कान खबर न हो। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि शव की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें। इस घटना ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया, नसीब के पीछे उसकी बुजुर्ग मां और तीन बच्चे रह गए हैं। 

(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। )