Logo
election banner
हरियाणा में चार दिन तक ठंडा रहने के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर गर्म हो गया। तापमान बीते शुक्रवार के बाद एक बार फिर से 38.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे गर्मी ने पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं।

Haryana: चार दिन तक ठंडा रहने के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर गर्म हो गया। तापमान बीते शुक्रवार के बाद एक बार फिर से 38.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे गर्मी ने पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं। आसमान में आंशिक बादल लगातार छा रहे हैं, जिससे बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है। 6 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता है। इसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है। साथ ही भीषण गर्मी का असर भी देखने को मिलेगा।

ओलावृष्टि के बाद फिर गर्मी ने दिखाए तेवर

बीते सप्ताह हुई बरसात और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट आने से मौसम के तेवर ठंडे पड़ने शुरू हो गए थे। तापमान में चार से पांच डिग्री तक की कमी आ गई थी। लेकिन बुधवार को अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर एक बार फिर 38.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात का तापमान भी 2.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर तक एक बार आसमान साफ हुआ तो चिलचिलाती धूप ने लोगों को गर्मी के लपेटे में लेना शुरू कर दिया। भारी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाने लगी। गर्मी का असर बाजार से लेकर सड़कों पर देखने को मिलना शुरू हो गया है। गर्मी बढ़ते ही बाजार और सड़कों से भीड़ गायब हो जाती है।

बिजली की मांग में होने लगी वृद्धि

गर्मी बढ़ने के बाद पंखे, कूलर और एसी एक बार फिर से चलने शुरू हो गए हैं। कृषि क्षेत्र में बिजली की मांग कम होने के बावजूद घरेलू क्षेत्र में बढ़ी मांग पावर कटों का कारण बनने लगेगी। इस समय बिजली की मांग लगभग 70 लाख यूनिट तक पहुंच चुकी है। तापमान बढ़ने के साथ इसमें और वृद्धि होने की संभावना है। गर्मी पीक पर पहुंचने के बाद कृषि क्षेत्र में भी बिजली की मांग बढ़ेगी, जिससे इस बार गर्मी के सीजन में पावर कट भी लोगों को झेलने पड़ेंगे।

गेहूं कटाई के कार्य ने पकड़ा जोर

मौसम में बदलाव के बाद किसानों ने गेहूं की कटाई का कार्य तेज किया हुआ है। आसमान में बादल छाने के बाद किसानों की चिंता बढ़ जाती है। किसान जल्द से जल्द फसल का कार्य पूरा करने में लगे हुए हैं। इससे खेतों में काम करने वाले श्रमिकों की कमी भी अखर रही है। किसान मशीनों से गेहूं कटाई का कार्य करा रहे हैं, ताकि कटाई जल्द हो सके। किसान मौसम में बदलाव से ओलावृष्टि की आशंका को लेकर कटाई का कार्य जल्द पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं।

5379487