समालखा में नारायण-नामुंडा नहर के पुल के पास लावारिस हालत में एक चालू स्कूटी मिली, पुलिस को एक राहगीर ने जब सूचना दी तो जांच में उसके पास से हथियार बरामद हुए। जिसके बाद से इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

Panipat Mystery: हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नारायण-नामुंडा नहर के पुल के पास लावारिस हालत में एक चालू स्कूटी और हथियार बरामद हुआ। डिंडार की ओर जाने वाले रास्ते पर एक काली इलेक्ट्रिक स्कूटी ऑन खड़ी थी और पास ही एक लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी मिली। छात्र का सामान मिलने से पुलिस किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जता रही है।

राहगीर की ने दी पुलिस को सूचना 
सुबह सैर पर निकले एक राहगीर ने जब चालू स्कूटी और पास ही हथियार पड़ा देखा, तो तुरंत डायल 112 को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए समालखा थाना प्रभारी दीपक कुमार और CIA-1 की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस को मौके से जो सामान मिला है, वह कई सवाल खड़े कर रहा है।

इलेक्ट्रिक स्कूटी से बरामद हुआ सामान

  • रिवाल्वर और कारतूस: पुलिस को एक लाइसेंसी रिवाल्वर मिली है। जांच में पता चला कि उसमें से 2 राउंड फायर हो चुके थे। वहीं, पास ही मिले बैग से 4 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
  • छात्र का सामान: बैग की तलाशी लेने पर उसमें 12वीं कक्षा की गणित की किताब, नोटबुक, 4-5 पेन और चश्मा मिला है।
  • अन्य: मौके पर चॉकलेट के रैपर और स्कूटी की रिमोट वाली चाबी भी मिली है।

पुलिस को सुसाइड या साजिश की आशंका
नहर किनारे स्कूटी का ऑन खड़ा होना और चले हुए कारतूस मिलने से पुलिस इसे सुसाइड या किसी वारदात से जोड़कर देख रही है।आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी सवार छात्र हो सकता है जो नहर में कूद गया हो।थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि स्कूटी के नंबर और रिवाल्वर के लाइसेंस के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है। गोताखोरों और सर्च टीमों की मदद से नहर में भी तलाश की जा रही है ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।