Haryana Civic Elections: हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को प्रदेश के 7 नगर निकायों के आम चुनाव और पंचायती राज के 528 पदों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन सभी पदों के लिए 10 मई को मतदान होगा, जबकि चुनावी नतीजों का ऐलान 13 मई को किया जाएगा।
कर्मचारियों के तबादलों पर रोक
चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही संबंधित चुनावी इलाकों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। सरकारी कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगा दी गई है और विकास कार्यों की नई घोषणाएं अब नहीं की जा सकेंगी।
प्रमुख नगर निकायों में चुनावी दंगल
इस बार प्रदेश के तीन बड़े नगर निगमों समेत 7 निकायों में चुनाव होने हैं:
- नगर निगम: सोनीपत, पंचकूला और अंबाला।
- नगर परिषद: रेवाड़ी।
- नगर पालिका: उकलाना, धारूहेड़ा और सांपला।
EVM से होगी वोटिंग
21 अप्रैल से नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे।मेयर और चेयरमैन का चुनाव जनता द्वारा सीधे किया जाएगा। वोटिंग EVM से होगी, लेकिन इस बार वीवीपैट का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। पहली बार ऐसा होगा कि NOTA को सबसे अधिक वोट मिलने पर भी चुनाव रद्द नहीं होगा। नोटा के वोट हटाकर सबसे ज्यादा वोट पाने वाले प्रत्याशी को विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
निकाय चुनावों के साथ होगा पंचायत उपचुनाव
निकाय चुनावों के साथ ही प्रदेश में रिक्त पड़े पंचायती राज के पदों पर भी उपचुनाव होंगे। इसमें 29 सरपंच, 485 पंच, 12 ब्लॉक समिति सदस्य और जिला परिषद के 2 वार्डों के लिए 10 मई को ही मतदान होगा। इनके नतीजे उसी दिन वोटिंग के बाद घोषित कर दिए जाएंगे।
मेयर का चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी कांग्रेस
निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है। कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह मेयर का चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पार्टी इस चुनाव को पूरी गंभीरता से लेगी और सरकार की उपलब्धियों के दम पर वोट मांगेगी।
हेमंत कुमार का आयोग को नोटिस
अंबाला नगर निगम चुनाव को लेकर एक कानूनी नोटिस भी चर्चा में है। एडवोकेट हेमंत कुमार ने आयोग को नोटिस भेजकर कहा है कि नगर निगम के लिए न्यूनतम 3 लाख की आबादी अनिवार्य है, जबकि अंबाला की वर्तमान जनसंख्या करीब 2.58 लाख ही है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।