नूंह में प्रशासन की लापरवाही के कारण  सीवर की सफाई करने उतरे तीन में से दो मजदूरों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। जानकारी के मुताबिक बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर में मजदूर उतरे थे।  

नूंह में दर्दनाक हादसा: नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका शहर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सीवर लाइन की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों में से दो की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से ही आरोपी ठेकेदार मौके से फरार है।

बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर में उतरे थे मजदूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर बिना किसी सुरक्षा किट, गैस मास्क या अन्य उपकरणों के सीवर लाइन के भीतर दाखिल हुए थे। सीवर के अंदर जहरीली गैस का स्तर इतना अधिक था कि कुछ ही मिनटों में मजदूरों का दम घुटने लगा। जब काफी देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 
सिटी थाना प्रभारी कुलदीप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में से एक पलवल का रहने वाला था और दूसरा उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। तीसरे मजदूर को गंभीर हालत में अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ठेकेदार की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।