भाई के घर से पैदल लौट रहे व्यक्ति और दो मासूम बच्चों को गाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों सड़क से करीब 30 फीट दूर जा गिरे।

हरियाणा के गुरुग्राम में पटौदी क्षेत्र के गांव खोड़ में देर रात अनियंत्रित और तेज रफ्तार थार गाड़ी ने पैदल जा रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक बुजुर्ग और उनके दो मासूम पोतों की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। 

भाई के घर से लौटते समय काल बनी थार 
गांव खोड़ के रहने वाले 53 वर्षीय सुभाष शुक्रवार रात करीब 11 बजे अपने भाई के घर से लौट रहे थे। उनके साथ उनके दो छोटे नाती, 8 वर्षीय जायद खान और 6 वर्षीय ईशांत भी थे। तीनों पैदल ही र की ओर जा रहे थे कि अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों उछलकर सड़क से करीब 10 से 30 फीट दूर जा गिरे। 

मौके पर ही टूट गई सांसें 
हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण सुभाष और दोनों बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पटौदी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। 

चालक की तलाश में जुटी पुलिस 
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपनी थार गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। 

गांव में गमगीन माहौल और सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद गांव खोड़ में सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन चिराग बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए जो दूसरों के लिए नजीर बने।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।