हिसार कोर्ट में जब तलाक की कार्यवाही पूरी हुई तो दोनों खिलाड़ी वहां मौजूद थे। स्वीटी बूरा के कानूनी सलाहकार सुनील तिवारी ने इस फैसले की पुष्टि कर बताया कि दोनों ने एक-दूसरे से अलग होने का निर्णय स्वेच्छा से लिया है। कोर्ट में स्वीटी ने साफ किया कि अब दीपक के साथ जीवन बिताना उनके लिए मुमकिन नहीं है। वहीं, दीपक हुड्डा ने इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे रखी और मीडिया को कोई भी बयान देने से परहेज किया।
फरवरी 2025 से बिगड़ने लगे थे हालात
वर्ष 2022 में बड़े ही धूमधाम से परिणय सूत्र में बंधे इस जोड़े के बीच दरार की खबरें फरवरी 2025 में सार्वजनिक हुईं। यह केवल एक सामान्य मतभेद नहीं था, बल्कि मामला गंभीर कानूनी आरोपों तक पहुंच गया था। मुक्केबाज स्वीटी बूरा ने अपने पति दीपक पर संगीन इल्जाम लगाए थे, जिनमें शामिल थे। दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न। पासपोर्ट जब्त करना और घर में कैद रखना। बॉक्सिंग करियर छोड़कर घरेलू काम करने का दबाव। जान से मारने की कोशिश और मारपीट। स्वीटी का कहना था कि शादी में एक करोड़ रुपये और लग्जरी गाड़ी (फॉर्च्यूनर) देने के बावजूद उन्हें कम दहेज का ताना दिया जाता था।
दीपक हुड्डा ने स्वीटी के परिवार पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप
जब स्वीटी ने एफआईआर दर्ज कराई तो दीपक हुड्डा भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने रोहतक में स्वीटी और उनके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। दीपक के मुख्य आरोप थे।
1. संपत्ति विवाद : दीपक का दावा था कि हिसार के सेक्टर 1-4 में एक प्लॉट के लिए पूरी रकम उन्होंने चुकाई, लेकिन कागजात में स्वीटी का नाम चालाकी से शामिल करवा लिया गया।
2. आर्थिक ठगी : उन्होंने आरोप लगाया कि स्वीटी के पिता ने ब्याज के नाम पर लाखों रुपये हड़प लिए, भाई ने घर से 12 लाख रुपये की नगदी उठा ली और बहन ने फर्जी चैंपियनशिप के नाम पर 9 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
महिला थाने में हंगामा, जब आपस में भिड़ गए दोनों खिलाड़ी
इस पूरे विवाद का सबसे चर्चित मोड़ वह था जब हिसार के महिला थाने में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई, 15 मार्च को जब पुलिस ने दोनों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ शुरू की, तो बहस इतनी बढ़ गई कि मारपीट की नौबत आ गई।
बाद में इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें स्वीटी बूरा को दीपक हुड्डा पर हमला करते देखा गया। वीडियो में वह दीपक का गला दबाती और उन्हें झिंझोड़ती नजर आ रही थीं। हालांकि, स्वीटी ने बाद में सोशल मीडिया पर लाइव आकर सफाई दी कि दीपक ने उन्हें भड़काया था और वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर केवल उनका गुस्सा दिखाया गया, जबकि दीपक की हरकतों को काट दिया गया।
स्वीटी ने दीपक के व्यवहार पर भी सवाल उठाए थे
विवाद के चरम पर स्वीटी बूरा ने दीपक हुड्डा की निजी पसंद और व्यवहार पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने लाइव वीडियो के दौरान दावा किया था कि दीपक की रुचि लड़कों में अधिक थी, जिसका पता उन्हें विवाह के बाद चला। उन्होंने दीपक के रहन-सहन के तरीकों पर भी तंज कसे थे। दूसरी ओर दीपक हुड्डा ने सार्वजनिक मंच पर ऐसी बातों का जवाब देने के बजाय कानूनी लड़ाई को ही प्राथमिकता दी।
सभी मुकदमों और शिकायतों पर भी विराम लगा
हिसार कोर्ट के इस फैसले के साथ ही हरियाणा के इन दो बड़े खिलाड़ियों के बीच चल रही लंबी कानूनी और व्यक्तिगत जंग अब समाप्त हो गई है। आपसी सहमति से हुए इस तलाक ने उन सभी मुकदमों और शिकायतों पर भी विराम लगा दिया है जो पिछले कई महीनों से सुर्ख़ियों में बने हुए थे। खेल प्रेमियों के लिए यह खबर दुखद है कि जिन खिलाड़ियों ने मैदान पर देश का गौरव बढ़ाया, उनकी निजी जिंदगी का तालमेल इतनी बुरी तरह बिगड़ गया। अब दोनों अपनी स्वतंत्र राहों पर आगे बढ़ेंगे।
(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। )