NIT कुरुक्षेत्र में बी-टेक की छात्रा दीक्षा दुबे के सुसाइड के बाद से छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया उनकी मांग है कि प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर  रहा है इसके अब इस केस की CBI जांच की जानी चाहिए।

Kurukshetra NIT suicide case: हरियाणा के प्रतिष्ठित संस्थान NIT कुरुक्षेत्र में बी-टेक की छात्रा दीक्षा दुबे के सुसाइड के बाद हालात बेकाबू हो गए हैं। छात्रा की मौत से गुस्साए छात्रों ने गुरुवार रात करीब 6 घंटे तक कैंपस में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने 4 मई तक संस्थान में छुट्टियों की घोषणा कर दी है और छात्रों को हॉस्टल खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।

रात तक चला 'हाई वोल्टेज' ड्रामा
बिहार के बक्सर की रहने वाली दीक्षा (आर्टिफिशियल एंड डेटा साइंस स्ट्रीम) की मौत की खबर मिलते ही छात्र सड़कों पर उतर आए। हंगामा बढ़ते देख एनआईटी प्रशासन ने गेट बंद कर पुलिस बुला ली, जिससे छात्र और भड़क गए। छात्रों ने आरोप लगाया कि एक प्रोफेसर ने छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और बेहद संवेदनहीन टिप्पणी की। तड़के 3 बजे डायरेक्टर प्रो. ब्रह्मजीत ने छात्रों के बीच पहुंचकर स्पोर्ट्स इंचार्ज शहाबुद्दीन पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद धरना खत्म हुआ।

 2 महीने में 4 छात्रों ने गंवाई जान
छात्रों ने संस्थान के मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आंकड़ों के अनुसार पिछले डेढ़-दो महीने में यह चौथा सुसाइड है: 

  • 16 फरवरी: तेलंगाना के अंगोद शिवा (19) ने जान दी।
  • 31 मार्च: नूंह के पवन कुमार (22) ने आत्महत्या की।
  • 9 अप्रैल: सिरसा के प्रियांशु वर्मा (22) का शव मिला।
  • 16 अप्रैल: बिहार की दीक्षा दुबे ने फंदा लगाया।

छात्रों के लगाये सनसनीखेज आरोप
प्रदर्शनकारी छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है:

  • मेंटल हैरेसमेंट: प्रोफेसर डिग्री रोकने की धमकी देते हैं और छात्रों पर दबाव बनाते हैं।
  • संवेदनहीनता: छात्रों का कहना है कि सुसाइड के बाद मेडिकल टीम ने बिना रूम के अंदर जाए ही छात्रा को मृत घोषित कर दिया था।
  • छुट्टियां सिर्फ बहाना: छात्रों का आरोप है कि उन्हें जबरदस्ती घर भेजा जा रहा है ताकि इस आंदोलन और मामले को दबाया जा सके।

नोटबुक में दीक्षा ने लिखा -"मम्मी-पापा मैं कुछ करके नहीं दिखा पाई"
दीक्षा ने अपनी नोटबुक में एक भावुक संदेश छोड़ा है। उसने लिखा-"मम्मी-पापा मैं कुछ करके नहीं दिखा पाई, मैंने आपके पैसे बर्बाद कर दिए।"फिलहाल कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात है। डायरेक्टर के नोटिस के बाद छात्र अपना सामान लेकर घरों की ओर लौटने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि सुसाइड मामले में छात्रों की शिकायत के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।