सैनिक के साथ लाडवा से घर लौटते समय हुआ हादसा। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पलटकर खेतों में जा गिरी। ग्रामीणों ने घायलों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के लाडवा-यमुनानगर राजमार्ग पर एक अनियंत्रित कार पेड़ से जा टकराई। इस भीषण हादसे में सेना के 22 वर्षीय अग्निवीर जवान और उनकी 11 साल की भतीजी की जान चली गई, वहीं कार में सवार एक अन्य बालक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। 

पेड़ से टकराकर खेत में पलटी कार
हादसा रात करीब 8:00 बजे हुआ। गांव बडौंदा निवासी 22 वर्षीय आर्यन सेना में अग्निवीर के पद पर तैनात थे। वह अपनी भतीजी कनिका (11) और भतीजे अभि (13) के साथ लाडवा से वापस लौट रहे थे।
जब वे लाठी धनौरा और जैनपुर जाटान के बीच पहुंचे, तो उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे पेड़ से सीधे जा भिड़ी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलटते हुए पास के खेतों में जा गिरा। 

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला और तुरंत लाडवा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आर्यन और कनिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 13 वर्षीय अभि की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। 

गांव में पसरा मातम 
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव बडौंदा में शोक की लहर दौड़ गई है। देश की सेवा में जुटे युवा अग्निवीर की इस तरह असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। लाडवा थाना प्रभारी (SHO) गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह (मोर्चरी) में रखवा दिया है।