साध्वी देवा ने बाबा पर आरोप लगाया कि वह यूट्यूबरों को पैसे देकर बूस्ट लगवाते है। यही नहीं बल्कि दिनेश पुरी आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और हर पूर्णमासी को लाखों रुपए की वसूली की जाती है।

Sadhvi Deva Thakur: हरियाणा के हांसी में बागेश्वर धाम की तर्ज पर दिव्य दरबार लगाने वाले बाबा दिनेश पुरी अब विवादों के घेरे में हैं। करनाल की साध्वी देवा ठाकुर ने बाबा दिनेश पुरी को 'फर्जी' बताते हुए उन पर सनातन धर्म को बदनाम करने और पैसे कमाने का गंभीर आरोप लगाया है। साध्वी ने एक लाइव वीडियो के जरिए बाबा को खुली चुनौती दी है।

यूट्यूबर को पैसे देकर लगवाते बूस्ट
देवा फाउंडेशन की प्रमुख साध्वी देवा ठाकुर ने आरोप लगाया कि नंद नगर स्थित बालाजी धाम में दरबार लगाने वाले दिनेश पुरी अपने प्रमोशन के लिए यूट्यूबरों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा, "बाबा यूट्यूबर को 3 से 5 हजार रुपए देकर अपनी एड करवाते हैं। अगर बाबा में सच में इतनी शक्तियां हैं, तो उन्हें वीडियो वायरल करवाने के लिए बूस्ट क्यों करवानी पड़ती है? कोई ऐसा तंत्र-मंत्र बताओ जिससे वीडियो खुद वायरल हो जाए।"

पुलिस और सीआईए की करें मदद
साध्वी ने बाबा पर दर्ज हुए कानूनी मामलों का जिक्र करते हुए कहा, "महाराज जी, आप पर दो केस दर्ज हो गए और आपको पता तक नहीं चला? आप तो पर्चे पर सबका भविष्य बताने का दावा करते हैं। अगर आपको यह पता चल जाता है कि किसने तंत्र किया है, तो आपको यह भी पता होना चाहिए कि क्राइम किसने किया है। ऐसे में आपको पुलिस और सीआईए की मदद करनी चाहिए।"

"कैंसर ठीक होता है तो अस्पताल बंद करवा दें"
साध्वी ने बाबा की शक्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि दिनेश पुरी कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां ठीक करने का सामर्थ्य रखते हैं, तो वे हांसी के सभी अस्पतालों को बंद करवाकर पूरे इलाके को बीमारी मुक्त क्यों नहीं कर देते? उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह कर हर पूर्णमासी को लाखों रुपए की उगाही की जा रही है।

मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी 
साध्वी ने दावा किया कि अभी 15-20 लोग और भी तैयार बैठे हैं जो जल्द ही बाबा की पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और भगवा की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली ऐसी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल, कई लोग बाबा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की भी तैयारी कर रहे हैं।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।