एक हफ्ते  के भीतर पर हरियाणा में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी देखने का अनुमान लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक रोहतक का तापमान पिछले 24 घंटों में सबसे कम दर्ज किया गया है।

Haryana Weather Alert: हरियाणा में ठंडक का अहसास अब धीरे-धीरे खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, अगले एक हफ्ते के भीतर प्रदेश के तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और आने वाले दिनों में गर्मी अपने तेवर दिखाएगी।

मौसम का ताजा हाल

  • सबसे गर्म शहर: बीते 24 घंटों में रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.3°C दर्ज किया गया।
  • तेज हवाओं का दौर: अगले तीन दिनों तक राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं।
  • शुष्क मौसम: फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा, जिससे सूरज की तपिश सीधे परेशान करेगी।

जानिए हरियाणा के विभिन्न शहरों का अधिकतम तापमान
अंबाला-30.7°,पानीपत-33.3°,हिसार-34.9°,रेवाड़ी-33.2°,नारनौल (महेंद्रगढ़)-32.5°,सिरसा-34.4°,रोहतक-35.3°,सोनीपत-34.2°,भिवानी-33.0°,यमुनानगर-31.1°,चरखी दादरी-34.2°,जींद-34.3°,गुरुग्राम-33.2°,करनाल-32.7°,झज्जर-33.5°,महेंद्रगढ़-34.5°,मेवात-33.3°,नूंह-35.0°,पलवल,33.8°

गर्मी से बड़ी राहत मिलने की नहीं उम्मीद 
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 15 अप्रैल के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। हालांकि, यह काफी कमजोर है, जिसके कारण हरियाणा में बारिश की संभावना न के बराबर है। उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम के प्रभाव के चलते केवल बादल छा सकते हैं, लेकिन गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

कृषि विशेषज्ञों की सलाह
तापमान में अचानक होने वाली इस वृद्धि को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की सिंचाई और प्रबंधन पर ध्यान देने को कहा है। वहीं, आम लोगों को दोपहर के समय तेज हवाओं और बढ़ती तपिश से बचने की सलाह दी गई है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।