हरियाणा में बीते 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पलवल और अंबाला में हुए इन सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं। इन घटनाओं के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित रही।
पलवल में बाइक सवार चाची और भतीजे की मौत
पलवल जिले के मुंडकटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नूंह-होडल मार्ग पर रविवार की रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई। एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार चाची और उनके भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई।
रिश्तेदार के जनाजे से लौट रहे थे परिजन
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कराहरी गांव का रहने वाला एक परिवार हथीन के आलीमेव गांव में एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। शोक सभा के बाद, रविवार शाम करीब 7 बजे परिवार के सदस्य अलग-अलग बाइकों पर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वे सौंध गांव के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में तुषार की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही दो की मौत, दो बच्चे जख्मी
भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तुषार व उसकी चाची साकरा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाइक पर सवार दो मासूम बच्चे भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
मुंडकटी थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
अंबाला में कोहरे में अनियंत्रित ट्रक ने कई वाहनों को रौंदा
दूसरी बड़ी दुर्घटना सोमवार सुबह अंबाला के शाहपुर इलाके में नेशनल हाईवे पर हुई। यहां घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी के बीच एक ट्रक ने तांडव मचाते हुए कार, बाइक और ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।
टांगरी पुल पर पलटा ट्रक, नीचे दब गए लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक ट्रक दिल्ली से सामान लादकर चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। शाहपुर के पास टांगरी पुल पर ट्रक चालक ने सबसे पहले एक बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू ट्रक ने आगे चल रहे एक ऑटो और कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक हाईवे के बीचों-बीच पलट गया। इस दौरान बाइक सवार और ऑटो में आगे बैठा व्यक्ति ट्रक के भारी-भरकम मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
परिवार का सहारा छिना
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुरुक्षेत्र के लाडवा (डंगाली गांव) निवासी तरसेम और यमुनानगर के उदिया गांव निवासी राजेश कुमार (40) के रूप में हुई है। तरसेम मकानों में लेंटर डालने का काम करते थे और पिछले साल ही उन्होंने अपने बेटे की शादी की थी। वहीं, राजेश अंबाला की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।
10 किलोमीटर लंबा जाम लगा
इस हादसे के बाद दिल्ली-अंबाला हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया। ट्रक के सड़क के बीचों-बीच पलटने के कारण हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को रास्ते से हटाया और कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
