कुरुक्षेत्र मंडी में बड़ा खेल: हरियाणा की कुरुक्षेत्र (थानेसर) अनाज मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद के बीच धांधली का बड़ा मामला सामने आया है। शहीद भगत सिंह किसान यूनियन ने आरोप लगाया है कि दूसरे राज्यों से लाए गए गेहूं को रातों-रात बिना किसी गेट पास के मंडी में उतारकर MSP पर बेच दिया गया। यूनियन ने इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी होने का दावा किया है।
बिना नियम का पालन किये दाखिल हुए वाहन
यूनियन के महासचिव दिलबाग सिंह ने बताया कि बीती रात उत्तर प्रदेश (UP) नंबर के दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पिछले गेट से मंडी के भीतर दाखिल हुए। इन ट्रॉलियों में करीब 150-150 क्विंटल गेहूं भरा हुआ था। आरोप है कि बिना किसी गेट पास और बिना बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के इस गेहूं की तुलाई भी करवा दी गई। दिलबाग सिंह के अनुसार, जहां स्थानीय किसान अपनी फसल बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं, वहीं व्यापारियों के साथ मिलकर बाहरी फसल खपाई जा रही है।
किसानों ने दी चेतावनी दोषियों पर हो कार्रवाई
किसान यूनियन ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को घटना के सबूत और सीसीटीवी फुटेज सौंप दिए हैं। यूनियन का कहना है कि सरकार ने किसानों के लिए बायोमेट्रिक और रजिस्ट्रेशन जैसी कड़ी शर्तें रखी हैं, लेकिन व्यापारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से बाहरी गेहूं धड़ल्ले से बिक रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क जाम कर प्रदर्शन करेंगे।
अधिकारियों ने रखा अपना पक्ष
मार्केट कमेटी के सचिव हरजीत सिंह ने स्वीकार किया कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने पुष्टि की कि दो वाहन बिना गेट पास के मंडी में घुसे थे। सचिव ने आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी के आधार पर संबंधित आढ़ती की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।