धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ उसके पड़ोसी की ओर से पिछले एक साल से यौन शोषण किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अपराध में आरोपी की पत्नी भी बराबर की हिस्सेदार थी।
पत्नी ने बनाए अश्लील वीडियो
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से गांव में किराए के मकान में रह रहा है। उनकी 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 साल की बेटी से पड़ोस में बुटीक चलाने वाले राजू नामक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के साथ ही आरोपी की पत्नी, नासरीन खातून ने मासूम की अश्लील तस्वीरें और वीडियो तैयार कर लिए। इन्ही वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी पिछले एक साल से छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था।
दोस्त ने भी किया शोषण
अपराध का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। मुख्य आरोपी राजू ने अपनी पत्नी की मदद से न केवल खुद शोषण किया, बल्कि अपने एक दोस्त अली (जो कबाड़ की दुकान चलाता है) से भी नाबालिग का शारीरिक शोषण करवाया। आरोपी लगातार छात्रा को डराते-धमकाते रहे कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसी खौफ के कारण बच्ची स्कूल जाने से भी कतराने लगी थी।
हिम्मत जुटाकर सुनाई आपबीती
लगातार हो रहे जुल्म और डर के बीच, दो दिन पहले नाबालिग ने साहस जुटाया और अपनी मां को पूरी सच्चाई बता दी। बेटी की दास्तां सुनकर दंग रह गए परिजनों ने तुरंत पुलिस का दरवाजा खटखटाया। महिला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
जांच अधिकारी एसआई सरोज ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी राजू, उसकी पत्नी नासरीन खातून और सहयोगी अली के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
