एक विवाहिता के साथ दोस्ती की आड़ में न पहले केवल तीन साल तक ब्लैकमेलिंग का खेल रचा फिर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पलवल शहर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता के साथ दोस्ती की आड़ में न केवल तीन साल तक ब्लैकमेलिंग का खेल चलता रहा, बल्कि उसे नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार भी बनाया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़िता ने दी पुलिस को शिकायत 
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन साल पहले उसके पति की दोस्ती संजय नामक युवक से हुई थी। इसी दौरान आरोपी का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि एक दिन जब पति घर पर नहीं था, तब संजय ने घर में घुसकर विवाहिता के साथ जबरन दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो व फोटो बना ली।

ब्लैकमेलिंग का खौफनाक सिलसिला
वीडियो के जरिए आरोपी ने पीड़िता को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। उसने धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया तो वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगा और उसके परिवार को जान से मार देगा। इस डर का फायदा उठाकर आरोपी उसे पिछले तीन वर्षों से ब्लैकमेल कर रहा था और हर 15-20 दिन में उसे ओयो होटल में बुलाकर अपनी हवस का शिकार बनाता रहा। आरोपी ने पीड़िता का आधार कार्ड भी अपने पास गिरवी रख लिया था।

नशीला पदार्थ पिलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि 8 फरवरी को संजय ने उसे फोन कर ओयो होटल बुलाया। वहाँ उसे पेप्सी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और दुष्कर्म किया गया। जब वह वहां से घर लौट रही थी, तो रास्ते में उसकी स्कूटी खराब हो गई। उसने ई-रिक्शा की मदद ली, जिसमें पहले से चार अन्य अज्ञात व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि इन लोगों ने उसे सुनसान जंगल में ले जाकर पूरी रात बंधक बनाकर रखा और बारी-बारी से गैंगरेप किया। सुबह आरोपी उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

पति को पता चला तो खुला राज
पीड़िता डर के कारण लंबे समय तक खामोश रही, लेकिन 11 मार्च को उसने हिम्मत जुटाकर अपने पति को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद पति-पत्नी ने शहर थाना पहुँचकर पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने मामले को लिया गंभीरता 
शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एक नामजद सहित पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और लूटे गए मोबाइल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।