हरियाणा के जींद में विदेश जाने के नाम पर ठगी से परेशान दो दोस्तों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में 30 वर्षीय रोहित की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अंकुश गंभीर हालत में भर्ती है। परिजनों का आरोप है कि एजेंटों ने लाखों रुपये लेकर धोखा किया, जिससे रोहित मानसिक तनाव में था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

हरियाणा के जींद से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां विदेश जाने के सपने ने एक युवक की जान ले ली। फर्जी एजेंटों द्वारा ठगी का शिकार हुए दो दोस्तों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना ने प्रदेश में कबूतरबाजी के बढ़ते जाल और युवाओं के बीच विदेश जाने की होड़ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लाखों रुपए डूबे, तो मानसिक संतुलन खो बैठा रोहित
मृतक रोहित (30) निवासी झरोठी के परिजनों ने बताया कि वह सुनहरे भविष्य की तलाश में विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने एजेंटों को लाखों रुपए दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही उसके पैसे वापस मिले। एजेंटों के चक्कर काट-काटकर रोहित थक चुका था और भारी आर्थिक नुकसान के कारण वह गहरे मानसिक तनाव में था।

दोस्त ने साथ में खाया जहर, कारण अभी स्पष्ट नहीं
रोहित के साथ उसके दोस्त अंकुश (23) निवासी जींद ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया।अस्पताल ले जाते समय रोहित ने दम तोड़ दिया।अंकुश की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है।
अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि अंकुश ने रोहित के साथ जहरीला पदार्थ क्यों खाया। क्या उसने दोस्त को बचाने की कोशिश की या वह भी किसी निजी तनाव में था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर उन एजेंटों की पहचान की जा रही है जिन्होंने रोहित से पैसे लिए थे।अंकुश के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। मामले में धोखाधड़ी और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

कबूतरबाजी के खिलाफ बड़ा अलर्ट
यह घटना प्रदेश में युवाओं के बीच बढ़ते विदेश जाने के क्रेज और फर्जी एजेंटों के जाल को एक बार फिर उजागर करती है। प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी अनाधिकृत एजेंट को मोटी रकम न दें और ठगी का शिकार होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।