बॉलीवुड रैपर और सिंगर बादशाह का नया गाना 'टटीरी' विवादों के भंवर में फंस गया है। गाने में इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों और स्कूल ड्रेस में लड़कियों के दृश्यों को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने साफ कर दिया है कि हरियाणा की बेटियों के लिए गलत शब्दावली का प्रयोग करने वाले कलाकार को राज्य में कोई भी कार्यक्रम (प्रोग्राम) नहीं करने दिया जाएगा।
"बादशाह होगा अपने घर का"
कुरुक्षेत्र पहुंची महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने मीडिया से बातचीत में कहा, "बेटियों के लिए घटिया शब्द बोलने वाले को हम बादशाह नहीं रहने देंगे। वह बादशाह होगा अपने घर का, लेकिन हरियाणा में उसका एक भी प्रोग्राम नहीं होने देंगे।" आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पानीपत में पेश होने के लिए समन जारी किया है।
सिमरन जागलान के पिता कर्मबीर फौजी ने दी सफाई
गाने में मुख्य आवाज देने वाली कैथल की गायिका सिमरन जागलान के पिता और हरियाणवी सिंगर कर्मबीर फौजी ने इस पूरे विवाद पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा:
- रैप की जानकारी नहीं थी: सिमरन ने केवल अपनी लाइनें रिकॉर्ड करके भेजी थीं। उन्हें गाने के रिलीज होने के बाद बादशाह के आपत्तिजनक रैप के बारे में पता चला।
- टीम से जताई आपत्ति: विवाद के बाद उन्होंने बादशाह की टीम से बात की और स्पष्ट किया कि यदि गाना दोबारा रिलीज होता है, तो उसकी वर्डिंग (शब्द) बदली जाए।
- शूटिंग से दूरी: कर्मबीर ने बताया कि गाने की डबिंग कैथल में हुई थी, जबकि वीडियो शूटिंग, हरियाणा रोडवेज की बस और स्कूल (बादशाला) वाले हिस्से से उनका कोई लेना-देना नहीं है। यह सब एडिटिंग के जरिए मुंबई की टीम ने किया।
पंचकूला-जींद में FIR
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पंचकूला और जींद में बादशाह के खिलाफ अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं।हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं और लुक आउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी इस गाने पर रील बनाएगा, उस पर कानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल यूट्यूब से गाना हटा दिया गया है।
बादशाह ने मांगी माफी
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए बादशाह ने कहा, "मेरा उद्देश्य हरियाणा की संस्कृति को नीचा दिखाना नहीं था। हिप-हॉप में प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने के लिए ऐसे बोल इस्तेमाल होते हैं। अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो मुझे हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दें।"
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।