भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करने के मामले पर आम आदमी पार्टी ने आक्रोश प्रकट किया। अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया है कि सरकार आरोपियों को संरक्षण दे रही है।

रोहतक में बाबा साहेब का अपमान:  हरियाणा के रोहतक जिले के गांव खैरड़ी में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने इस घटना को लेकर सीधे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। ढांडा ने आरोप लगाया कि आरोपियों को सरकारी संरक्षण मिल रहा है, जिसके कारण पुलिस अब तक हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठते सवाल
अनुराग ढांडा ने कहा कि 8 अप्रैल को कलानौर के खैरड़ी गांव में बाबा साहेब की प्रतिमा को तोड़कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, "दो हफ्ते बीत जाने के बावजूद अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। यह सिर्फ पुलिस की लापरवाही नहीं, बल्कि सरकार की मूक सहमति का साफ संकेत है।"

"वोट के लिए जयंती, सम्मान के समय चुप्पी"- ढांडा 
भाजपा पर तीखा तंज कसते हुए ढांडा ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब जनता के सामने आ गया है।"वोट लेने के लिए मंचों से बाबा साहेब का गुणगान करना और जयंती पर दिखावटी कार्यक्रम करना भाजपा के लिए आसान है, लेकिन जब उनके सम्मान की रक्षा की बात आती है, तो सरकार खामोशी ओढ़ लेती है। क्या मुख्यमंत्री की नजर में संविधान निर्माता का सम्मान यही है?"

2 हफ्ते में भी अपराधियों पर कोई कार्रवाई नहीं
ढांडा ने कहा कि सरकार की चुप्पी उनकी दलित विरोधी मानसिकता को उजागर करती है।क्या हरियाणा पुलिस इतनी कमजोर है कि दो हफ्ते में अपराधियों को नहीं ढूंढ पाई, या फिर ऊपर से मामला दबाने का दबाव है?
प्रतिमा तोड़ना केवल एक अपराध नहीं, बल्कि देश की आत्मा और करोड़ों लोगों की भावनाओं पर हमला है।

'सदभावना स्थल' पर धरने पर बैठे ग्रामीण
गांव खैरड़ी में बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित होने के बाद से ही महिलाएं और ग्रामीण 'सदभावना स्थल' पर धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि प्रशासन न्याय देने में देरी कर रहा है।

आम आदमी पार्टी ने दी चेतावनी
अनुराग ढांडा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तुरंत दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को पूरे देश में उठाएगी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का अपमान देश के 140 करोड़ नागरिकों का अपमान है और 'आप' इस पर चुप नहीं बैठेगी।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।