हरियाणा के करनाल जिले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही ने चार मजदूरों की जान जोखिम में डाल दी है। मधुबन थाना क्षेत्र के मंगलोरा गांव के पास स्थित एक टायर पिघलाने वाली फैक्ट्री में रिएक्टर मशीन का दरवाजा खोलते समय जोरदार धमाका हो गया।
इस हादसे में वहां काम कर रहे चार मजदूर आग और गर्म कार्बन की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए। हालत गंभीर होने के कारण घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
कैसे हुआ खौफनाक हादसा?
यह हादसा 'बजरंग इंडस्ट्रीज' नामक फैक्ट्री में हुआ, जहां पुराने टायरों को पिघलाकर फर्नेस ऑयल बनाया जाता है। जानकारी के अनुसार, रिएक्टर मशीन में करीब 7 से 8 टन टायर डालकर उन्हें 370 डिग्री सेल्सियस तक गर्म किया जाता है।
करीब 12 से 14 घंटे तक टायर पिघलाने की प्रक्रिया चलने के बाद, जैसे ही मजदूर ऑयल और कार्बन निकालने के लिए मशीन का मुख्य दरवाजा खोलने पहुंचे, तभी अंदर बनी गैस के कारण जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही आग की लपटें और खौलता हुआ कार्बन बाहर निकला, जिसकी चपेट में आकर चारों मजदूर "जिंदा जल" गए।
सुरक्षा उपकरणों की मांग किया अनदेखा
सुरक्षा उपकरणों की मांग को अनसुना किया गया। इस
हादसे में घायल मजदूर मुराली सहानी ने पुलिस को दिए बयान में फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुराली के अनुसार, उसने और अन्य मजदूरों ने कई बार फैक्ट्री मालिक सुमित, राहुल और केयरटेकर बलराज से सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की थी। लेकिन हर बार मालिकों ने जल्द देने का झांसा देकर बात टाल दी। सुरक्षा किट न होने के कारण आग की लपटों ने सीधे मजदूरों के शरीर को निशाना बनाया।
घायलों की पहचान और वर्तमान स्थिति
हादसे में झुलसे मजदूरों की पहचान रामावध, संजय, जनार्धन और मुकुरघुन के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं। प्राथमिक उपचार के बाद संजय, रामावध और जनार्धन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।
चौथे मजदूर मुकुरघुन का इलाज करनाल के मेडलाइन अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने फिलहाल सभी की स्थिति नाजुक बताई है।
मालिकों पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस और मंगलौरा चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित मुराली सहानी की शिकायत के आधार पर फैक्ट्री मालिक सुमित, राहुल और केयरटेकर बलराज के खिलाफ लापरवाही बरतने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का मामला दर्ज कर लिया है। मंगलौरा चौकी इंचार्ज मनजीत कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।