महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा की पुलिस ने एक बहुत ही अहम फैसला लिया है । रोहतक जिले के महम उपमंडल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महम में नया महिला पुलिस थाना खोलने का निर्णय लिया है।
बजट सत्र में सरकार का बड़ा फैसला
हरियाणा सरकार ने बजट सत्र के पहले दिन प्रदेश में कुल 7 नए महिला पुलिस थाने स्थापित करने की आधिकारिक घोषणा की। राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने सरकार का रोडमैप पेश करते हुए बताया कि महम के साथ-साथ नरवाना, लोहारू, समालखा, बरवाला, रादौर और पेहवा में भी नए महिला थाने खोले जाएंगे।
महिलाओं को न्याय के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर
सरकार का लक्ष्य है कि महिलाओं को न्याय के लिए दूर न जाना पड़े और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
महिलाओं का बढ़ेगा आत्मविश्वास
महम में अब तक कोई समर्पित महिला पुलिस थाना नहीं था, जिस कारण महिलाओं को अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए या तो रोहतक जिला मुख्यालय जाना पड़ता था या सामान्य थाने में पुरुष पुलिसकर्मियों के बीच अपनी बात रखने में संकोच होता था।
नए थाने से मिलेंगे कई लाभ
नए थाने के लाभ-झिझक खत्म होगी, महिलाएं महिला पुलिसकर्मियों के सामने बिना किसी डर या शर्म के अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगी।
होगा त्वरित न्याय-घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और अन्य महिला अपराधों के मामलों का निपटारा स्थानीय स्तर पर जल्द हो सकेगा।
अपराधों पर भी लगेगी लगाम- क्षेत्र में महिला पुलिस की उपस्थिति से असामाजिक तत्वों में खौफ पैदा होगा।
शहर पुलिस थाने की मांग अभी भी बरकरार
एक ओर जहां महिला थाना खुलने की खुशी है, वहीं दूसरी ओर महम के लोग लंबे समय से एक स्वतंत्र शहर थाना बनाने की मांग भी कर रहे हैं।
वर्तमान में महम शहर की व्यवस्था केवल एक पुलिस चौकी के भरोसे चल रही है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि महम एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है और इसके अंतर्गत कई संवेदनशील गांव आते हैं। मौजूदा थाने पर काम का बोझ बहुत ज्यादा है। यदि शहर थाना भी स्थापित हो जाता है, तो पुलिस बल की संख्या बढ़ेगी और गश्त अधिक प्रभावी होगी, जिससे चोरी और लूट जैसी घटनाओं पर लगाम लगेगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मिलेंगे नये आयाम
सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम महम के निवासियों, दुकानदारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उनका मानना है कि महिला थाना खुलने से न केवल सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगा। लोगों ने सरकार से अपील की है कि महिला थाने के साथ-साथ शहर थाने की मांग पर भी जल्द विचार किया जाए ताकि महम क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद हो सके।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









