हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मशहूर बॉलीवुड गायक और रैपर बादशाह के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर उनकी गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। शुक्रवार को आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न होने पर आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने गहरी नाराजगी जताई। आयोग ने न केवल सिंगर को हिरासत में लेने की बात कही, बल्कि पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों (SP) को उनका पासपोर्ट जब्त करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे सिंगर, वकील ने मांगी मोहलत
महिला आयोग ने 'टटीरी' गाने में महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी और अश्लील दृश्यों के मामले में बादशाह को 13 मार्च को पानीपत में पेश होने के लिए समन जारी किया था। नियत समय पर बादशाह खुद आने के बजाय अपने तीन वकीलों के पैनल को भेजा। उनके अधिवक्ता अक्षय दहिया ने दलील दी कि बादशाह अपनी पेशेवर व्यस्तताओं के कारण उपस्थित नहीं हो सके हैं और आयोग से अगली तारीख की मांग की।
हालांकि, आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया इस दलील से संतुष्ट नहीं हुईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समन व्यक्तिगत उपस्थिति के लिए था, न कि वकीलों के माध्यम से पक्ष रखने के लिए। अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सिंगर दोपहर 3 बजे तक हाजिर नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
'टटीरी' गाने पर इसलिए मचा है बवाल
1 मार्च 2026 को रिलीज हुए बादशाह के नए गीत 'टटीरी' को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस गाने पर मुख्य रूप से निम्नलिखित आरोप लगे हैं।
नारी शक्ति का अपमान : आयोग और सामाजिक संगठनों का मानना है कि गाने के बोल बेहद अश्लील हैं और महिलाओं को एक 'वस्तु' (Objectify) के रूप में पेश करते हैं।
नियमों का उल्लंघन : गाने के फिल्मांकन के दौरान जींद रोडवेज की बस और नरवाना के एक सरकारी स्कूल का इस्तेमाल किया गया। संबंधित विभाग का दावा है कि इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।
शिक्षा व्यवस्था पर गलत असर : वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी छात्राओं को बैग फेंकते और बस के ऊपर खड़े होकर नृत्य करते दिखाया गया है, जिसे सामाजिक संस्थाओं ने मर्यादा के खिलाफ बताया है।
विवाद बढ़ने के बाद पंचकूला पुलिस ने इस गीत को यूट्यूब से हटवा दिया था। बादशाह ने एक वीडियो संदेश के जरिए माफी मांगते हुए खुद को हरियाणा का बेटा बताया था और लोगों से भावुक अपील की थी, लेकिन आयोग इसे केवल औपचारिकता मान रहा है।
आयोग ने की कड़ी टिप्पणी
मीटिंग के दौरान रेनू भाटिया ने तल्ख तेवर अपनाते हुए कहा कि कलाकारों को अपनी प्रसिद्धि का दुरुपयोग कर संस्कृति और महिलाओं का अपमान करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान की रक्षा के लिए अब आयोग कठोर कदम उठाने (लठ मारने) से पीछे नहीं हटेगा। आयोग ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सिंगर का पासपोर्ट तुरंत कब्जे में लिया जाए ताकि वे कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए विदेश न भाग सकें।
सिंगर के वकील बोले- बादशाह अपराधी नहीं
बादशाह की ओर से पेश हुए वकीलों ने कहा कि उनके मुवक्किल कोई अपराधी नहीं हैं। उन्होंने तर्क दिया कि अनजाने में हुई गलती के लिए बादशाह पहले ही सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना कर चुके हैं और वे हमेशा हरियाणवी संस्कृति को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देते आए हैं। वकीलों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ने की अनुमति भी मांगी थी, जिसे आयोग ने ठुकरा दिया था।
गाने की शूटिंग और बैकग्राउंड
इस गाने की रिकॉर्डिंग में कैथल की 20 वर्षीय गायिका सिमरन जागलान ने भी आवाज दी है। गाने की शूटिंग जींद, नरवाना और दुबई की विभिन्न लोकेशन्स पर हुई थी। इस विवाद के कारण आगामी 14 मार्च को मुंबई में होने वाला बादशाह और सिमरन का लाइव शो भी रद्द करना पड़ा है। हरियाणा की खाप पंचायतों और विभिन्न संगठनों ने इस गीत को हरियाणवी मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए सिंगर पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की है। वर्तमान में पुलिस आयोग के निर्देशों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है और सिंगर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।