Logo
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में 10 लोकसभा तथा करनाल विधानसभा सीट के लिए चुनाव शांतिपूर्ण रहा। हरियाणा में लोकसभा आम चुनाव 2024 में रात 8 बजे तक लगभग 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। करनाल विधानसभा सीट पर 57.8 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

Haryana: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में 10 लोकसभा तथा करनाल विधानसभा सीट के लिए चुनाव शांतिपूर्ण रहा। हरियाणा में लोकसभा आम चुनाव 2024 में रात 8 बजे तक लगभग 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा, करनाल विधानसभा सीट पर 57.8 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। मतदान डाटा अपडेट करने का कार्य जारी है, जिससे मतदान प्रतिशतता बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है। सांय 6 बजे तक मतदान का समय था और जो मतदाता सांय 6 बजे तक लाइन में लग गया, उसका वोट डलवाया गया। जिसके कारण मतदान प्रतिशत बदल रहा है।

प्रदेश में बनाए 20,031 मतदान केंद्र, 96 हजार से अधिक अधिकारी व कर्मचारियों ने दी ड्यूटी

अनुराग अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में कुल 20,031 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें 19,812 स्थाई तथा 219 अस्थाई मतदान केंद्र शामिल हैं। शहरी क्षेत्रों में 5,470 तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 14,342 मतदान केंद्र बनाए गए थे। 176 आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। 99 मतदान केंद्र महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किए गए। इसके अलावा, 96 मतदान केंद्र पर यूथ कर्मचारी तथा 71 मतदान केंद्र पर दिव्यांग कर्मचारी ड्यूटी पर रहे। सभी मतदान केंद्रों में सभी मूलभूत सुविधाओं सहित हीट वेव के मद्देनजर अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए थे, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। रिटर्निंग अधिकारियों के अलावा लगभग 96 हजार से अधिक अधिकारी व कर्मचारी (सुरक्षा बलों को छोड़कर) मतदान केंद्रों में डयूटी पर रहे थे।

ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए बनाए 91 स्ट्रॉन्ग रूम

हरियाणा में मतदान होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए कुल 91 स्ट्रॉन्ग रूम बनाए गए हैं। इनमें 10 लोकसभा क्षेत्रों के लिए 90 स्ट्रॉन्ग रूम और एक स्ट्रॉन्ग रूम करनाल विधानसभा के लिए बनाया गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत स्ट्रोंग रूम के बाहर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेंगे और कमरों के अंदर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रहेगी। अनुराग अग्रवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ही स्ट्रोंग रूम तैयार किया गया हैं। आयोग के निर्देशानुसार रिटर्निंग अधिकारी 3 बार स्ट्रोंग रूम को विजिट करेगा। स्ट्रोंग रूम में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को रखने व कमरे को सील करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।

सांय 8 बजे तक हरियाणा में इस प्रकार रहा मतदान प्रतिशत

अंबाला में  66.9 फीसदी मतदान

सिरसा में  69 फीसदी लगभग मतदान

फरीदाबाद में 59.7 फीसदी मतदान

कुरुक्षेत्र में 66.2 फीसदी मतदान

भिवानी महेंद्रगढ़ में  65.2 फीसदी मतदान

रोहतक  में 64.5 फीसदी मतदान

सोनीपत में 62.2 फीसदी मतदान

हिसार में  64.6 फीसदी मतदान

गुरुग्राम में 60.6 फीसदी मतदान

करनाल में  63.2 फीसदी मतदान

करनाल उपचुनाव के लिए 57.8  फीसदी मतदान किया गया।

5379487