हरियाणा के गुरुग्राम में मोकलवास गांव की रहने वाली 11 साल की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में रात के अंधेरे में अपने घर से लापता हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए जहां पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं, वहीं परेशान परिवार ने अपनी इकलौती बेटी का पता बताने वाले को 1 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
पढ़ाई का बहाना बनाकर कमरे में गई थी
छात्रा मैत्री स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ती थी। उसके पिता जिला अदालत की लाइब्रेरी में कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार घर में सब कुछ सामान्य था। घटना वाली रात पूरा परिवार रात का भोजन करने के बाद सोने चला गया था। छात्रा ने अपने माता-पिता से कहा कि वह अभी कुछ देर और पढ़ाई करेगी और फिर सो जाएगी। लेकिन जब सुबह परिजन उठे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्रा अपने बिस्तर पर नहीं थी और घर से गायब थी।
स्कूल ड्रेस पहनकर निकली, CCTV में मोबाइल पर बात करते दिखी
परिजनों ने जब छात्रा की खोजबीन शुरू की तो पता चला कि उसकी स्कूल की स्पोर्ट्स ड्रेस भी कमरे में नहीं है। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने जब गांव और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो छात्रा अकेले सड़क पर पैदल जाती हुई दिखाई दी। गौर करने वाली बात यह है कि वह घर से अपनी स्कूल ड्रेस पहनकर निकली थी। एक अन्य फुटेज में वह मोबाइल फोन पर किसी से बात करते हुए भी नजर आई है, जिससे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या योजना की आशंका गहरा गई है।
सहपाठी का चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस ने जांच के दौरान छात्रा के स्कूल के दोस्तों और सहपाठियों से भी पूछताछ की। इस दौरान उसकी एक सहेली ने बताया कि पिछले कुछ समय से छात्रा काफी तनाव में और उदास दिख रही थी। छात्रा ने अपनी सहेली से बातों-बातों में यह भी कहा था कि वह यहां बहुत परेशान हो चुकी है और अब यहां और नहीं रहना चाहती। हालांकि, उसने अपनी परेशानी की असल वजह किसी को नहीं बताई थी।
इनाम की घोषणा
पुलिस छात्रा की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। गुरुग्राम और आसपास के जिलों के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों और टैक्सी स्टैंडों के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस छात्रा के फोन रिकॉर्ड्स और सोशल मीडिया गतिविधियों को ट्रैक कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह किसके संपर्क में थी। बेटी के वियोग में टूटे परिवार ने कहा है कि जो कोई भी उनकी बेटी को सुरक्षित घर पहुंचाएगा या उसके बारे में पुख्ता जानकारी देगा, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इकलौती बेटी के गायब होने से परिवार सदमे में
छात्रा अपने माता-पिता की इकलौती बेटी है। घर में उसका एक बड़ा भाई है। पिता के अनुसार, छात्रा पढ़ाई में काफी होनहार थी और स्कूल के शिक्षक भी उसकी हमेशा तारीफ करते थे। घर से जाते समय उसने कोई सुसाइड नोट या कोई संदेश नहीं छोड़ा, जिससे पहेली और उलझ गई है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या वह किसी के बहकावे में आकर घर से निकली है या फिर मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
