Sonipat: बहालगढ थाना क्षेत्र के गांव कुमासपुर के पास स्थित देवीलाल पार्क में पूर्व सिक्योरिटी गार्ड की सिर व चेहरे पर ईंट-पत्थर से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सुबह युवक का साथी सिक्योरिटी कंपनी संचालक पार्क में घूमने गया तो शव देखकर उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है।

एक साल पहले कमांडो सिक्योरिटी में काम करता था मृतक

गांव शाहपुर तुर्क निवासी विकास ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि एक साल पहले वह कमांडो सिक्योरिटी में काम करता था। उस दौरान उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बरेली के गांव तेजगांव निवासी इमरान अली से हुई थी। वह बहालगढ़ में किराए पर रहता था। इमरान अली भी काम की तलाश में कमांडो कंपनी में आया था। उन्होंने कमांडो कंपनी छोड़कर अपनी खुद की सिक्योरिटी कंपनी बना ली थी। इमरान अली किसी अन्य कंपनी में काम करने लगा था। उसने 15-20 दिन पहले काम छोड़ दिया था। वह उनके पास कई लोगों को नौकरी पर लगवा चुका था। जिस वजह से इमरान अली से उनकी दोस्ती हो गई थी। वीरवार सुबह वह देवीलाल पार्क में घूमने के लिए गए तो वहां लोगों की भीड़ लगी थी। जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां पर इमरान अली का शव पड़ा था। इमरान अली के सिर में पत्थर मारकर हत्या की गई थी। उनके चेहरे पर भी वार किए गए थे।

रात 9 बजे हुई थी बातचीत, सुबह मिला शव

विकास ने बताया कि इमरान अली पहले सिक्योरिटी कंपनी में काम करता था। उसने कुछ दिन पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। अब वह काम की तलाश में था। उनकी बुधवार रात 9 बजे इमरान अली से मोबाइल पर बात हुई थी। उन्होंने इमरान अली को अपने कार्यालय में बुलाया था। जब रात तक इमरान अली नहीं आया तो वह कार्यालय बंद कर घर चला गया। सुबह जब पार्क में घूमने लिए गया तो वहां इमरान का लहुलूहान शव पड़ा था और लोगों की भीड़ लगी हुई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाएगी।