Hansi Suicide Case: हरियाणा के हांसी जिले के गांव जमावड़ी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। 25 वर्षीय प्रीति, जो एक निजी स्कूल में अध्यापिका थी, का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतका एक साल के बच्चे की मां थी।
घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही 5 लाख रुपए की मांग को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
5 लाख की मांग को लेकर दबाव बनाया गया
मृतका के पिता ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि प्रीति की शादी 29 नवंबर 2023 को सोनू के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष उसे कम दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा था। शिकायत के अनुसार, मार्च महीने में ससुराल वालों ने 5 लाख रुपए की मांग को लेकर प्रीति के साथ मारपीट भी की थी। 10 अप्रैल की शाम परिजनों को प्रीति की मौत की सूचना मिली।
पति समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति सोनू, ससुर रामकुमार, जेठ अनूप, जेठानी सोनम और ननद रीना व बर्फी सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ससुराल पक्ष ने दी सफाई
दूसरी ओर, ससुराल पक्ष के सदस्यों का कहना है कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। उनके मुताबिक पति सोनू रोहतक में काम करता है और जेठ फरीदाबाद में रहता है। शनिवार को हांसी के सामान्य अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर भी काफी देर तक प्रयास चलते रहे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।