GJU विवाद में दुष्यंत चौटाला ने बताया कि ईमेल और डाक के जरिए आयोग को भेजी शिकायत में हिसार पुलिस पर अपराधियों जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही 27 अप्रैल को हिसार में 'महापंचायत' का भी ऐलान किया। 

हिसार GJU कांड: गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी विवाद को लेकर जननायक जनता पार्टी और हरियाणा पुलिस के बीच टकराव चरम पर पहुंच गया है। जजपा नेताओं की गिरफ्तारी और पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में अब पार्टी ने मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NC-ST) का दरवाजा खटखटाया है। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने डीजीपी पर उनका नंबर ब्लॉक करने तक का आरोप लगाया है।

जजपा ने आयोग को भेजी शिकायत 

  • पुलिसिया दबिश पर गंभीर आरोप: "सोती हुई नाबालिग बेटी पर चढ़ गई पुलिस"। जजपा ने ईमेल और डाक के जरिए आयोग को भेजी शिकायत में हिसार पुलिस पर अपराधियों जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
  • बिना महिला पुलिस दबिश: एससी सेल के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र ने शिकायत में कहा कि रात के समय बिना महिला पुलिस के उनके घर पर छापेमारी की गई।
  • बदसलूकी का आरोप: शिकायत में आरोप लगाया गया कि डीवीआर उतारते समय पुलिसकर्मी पलंग पर सो रही उनकी नाबालिग बेटी के ऊपर तक चढ़ गए और परिजनों के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज की।

दुष्यंत चौटाला ने बड़ा दावा
पंचकूला में हुई पार्टी की बैठक के बाद दुष्यंत चौटाला ने पुलिस प्रशासन पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि "मैंने इस मामले में DGP से संपर्क करने की कोशिश की, कई बार कॉल और मैसेज किए। लेकिन जवाब देने के बजाय मेरा नंबर ब्लॉक कर दिया गया। 17 अप्रैल को CIA इंचार्ज ने मुझ पर हथियार ताना और गाड़ी से कुचलने की कोशिश की।"

5 बार एसोसिएशन ने की निंदा
इस विवाद का असर अब कानूनी हलकों में भी दिख रहा है। हिसार, कैथल, और फतेहाबाद सहित 5 बार एसोसिएशन ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। सोमवार को हिसार की टैक्स बार और जिला बार एसोसिएशन में कामकाज पूरी तरह ठप रहा।

27 अप्रैल को हिसार में 'महापंचायत' का ऐलान 
जजपा ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए 27 अप्रैल को हिसार में 'छात्र हित महापंचायत' बुलाने का फैसला किया है। इस घोषणा के बाद हिसार एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों की आपात बैठक बुलाई है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।