हरियाणा के अंबाला कैंट में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में सवार युवती को टक्कर मार दी जिससे उसकी जान चली गई। उस कार को एक पुलिसकर्मी चला रहा था, जो कथित तौर पर शराब के नशे में पूरी तरह धुत्त था। इस हादसे ने न केवल एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि 24 साल की एक युवती के उन सपनों को भी कुचल दिया जो आसमान में उड़ने (एयर होस्टेस बनने) के लिए बुने गए थे।
शादी वाले घर में पसरा मातम
अंबाला सिटी के करतार नगर की रहने वाली निकिता बजाज गुरुग्राम में मैक्स इंटरनेशनल में कार्यरत थी। वह हाल ही में अपने परिवार में एक शादी समारोह में शिरकत करने के लिए अंबाला आई थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं और निकिता अपने भाई के साथ रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा के जरिए घर की ओर लौट रही थी। काली पलटन पुल के पास पहुंचते ही पीछे से काल बनकर आई एक होंडा सिटी कार ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निकिता सड़क पर जा गिरी और कार का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
नशे में धुत आरोपी की लोगों ने की धुनाई
हादसे के वक्त वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया कि कार चला रहा व्यक्ति बलदेव नगर चौकी का ईएचसी (EHC) अमित कुमार था। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहा था। वहां मौजूद भीड़ ने तुरंत कार को रुकवाया और आरोपी पुलिसकर्मी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती के साथ-साथ आरोपी पुलिसकर्मी को भी अंबाला के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद निकिता को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा
जैसे ही निकिता की मौत की पुष्टि हुई, ट्रामा सेंटर के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस विभाग अपने साथी कर्मचारी को बचाने की कोशिश कर रहा है। गुस्साए लोगों ने मांग की कि आरोपी का निष्पक्ष मेडिकल कराया जाए। तनाव को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल के गेट बंद कर दिए और भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया। मीडिया की एंट्री भी कुछ समय के लिए रोक दी गई है, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
कार का इंश्योरेंस भी था खत्म
लालकुर्ती चौकी पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। चौकी इंचार्ज राजेंद्र के अनुसार आरोपी अमित कुमार को हिरासत में ले लिया गया है और परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि जिस कार से यह हादसा हुआ, उसका बीमा (Insurance) मार्च 2024 में ही समाप्त हो चुका था। यानी एक पुलिसकर्मी बिना वैध दस्तावेजों और शराब के नशे में सड़क पर गाड़ी दौड़ा रहा था।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
